Wednesday , October 28 2026

यूपी बनेगा निवेश का बड़ा हब! सिंगापुर के डेलीगेशन से आज मिलेंगे CM योगी, रोजगार पर रहेगा जोर

उत्तर प्रदेश को निवेश, नवाचार और उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदेश में वर्ष 2017 के बाद हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश अब वैश्विक निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय वैश्विक निवेश आकर्षित करने के लिए न स्पष्ट दृष्टि थी और न ही ठोस कार्ययोजना, लेकिन डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदलने का काम किया।
बेहतर कानून-व्यवस्था और नीतियों से निवेश को बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विकास की नई कार्य-संस्कृति विकसित हुई है। उनके मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था, पारदर्शी नीतियों और निवेश के अनुकूल माहौल से उत्तर प्रदेश निवेशकों के लिए एक प्रमुख केंद्र बन रहा है।
सिंगापुर के डेलीगेशन से निवेश की संभावनाओं पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने बताया कि वैश्विक निवेशकों का भरोसा और मजबूत करने के लिए बुधवार को सिंगापुर के डेलीगेशन के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसमें उत्तर प्रदेश में निवेश की नई संभावनाओं, मौजूदा परियोजनाओं को गति देने और निवेश को जमीन पर उतारकर उत्पादन शुरू कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
हर निवेश से उद्योग और हर उद्योग से रोजगार का लक्ष्य
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि हर निवेश से नया उद्योग स्थापित हो, हर उद्योग से रोजगार के अवसर पैदा हों और हर रोजगार से परिवारों में खुशहाली आए। उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य के साथ उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, निवेश को उत्पादन और रोजगार से जोड़ना प्रदेश के आर्थिक विकास की अहम कड़ी है। सरकार का जोर निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने पर है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com