भारत के तटीय इलाकों से लेकर उत्तर भारत के मैदानी राज्यों तक चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ (Cyclone Arnab) का भयंकर असर देखने को मिल रहा है। इस शक्तिशाली चक्रवात के कारण देश के बड़े हिस्से में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी-तूफान और तूफानी हवाओं को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। चक्रवात के प्रभाव से तटीय क्षेत्रों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं उत्तर और मध्य भारत के राज्यों में भी इसका सीधा असर दिखने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश, यनम, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जबकि झारखंड, तेलंगाना और मध्य प्रदेश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। 28 अक्टूबर को केरल और माहे में भी बारिश हो सकती है।
100 किमी प्रति घंटे से अधिक की हवाएं चलने की आशंका
IMD ने 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 100 किमी प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। तेलंगाना में 60–70 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि झारखंड और आसपास के राज्यों में हवा की गति 50–60 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में आंधी-तूफान के साथ 60–70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, और हवा के झोंके 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्टूबर के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और झारखंड में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। बिहार में 29 से 31 अक्टूबर के बीच व्यापक बारिश होने की संभावना है, जिसके साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बारिश होने की संभावना है, जबकि विदर्भ में 30 अक्टूबर को बारिश हो सकती है। IMD ने 28 से 30 अक्टूबर के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान जताया है। हिमाचल प्रदेश में 29 अक्टूबर से 2 नवंबर तक बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 28 अक्टूबर से 2 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है।पंजाब में 29 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच हल्की बारिश हो सकती है, वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 28 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच हल्की बारिश होने के आसार हैं। 29 और 30 अक्टूबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में भी कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा में चक्रवात से नुकसान
चक्रवात ‘अरनाब’ का असर तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में काफी बढ़ गया है। बुधवार सुबह से ही आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान देखने को मिल रहा है। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़ गए हैं और बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। काकीनाडा के तटीय इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जहां लोग तूफान के असर से जूझ रहे हैं। रिहायशी इलाकों में कई घरों के अंदर समुद्र का पानी घुस गया है, जिससे तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवात का असर तटीय क्षेत्रों से आगे तक फैल सकता है, जिससे आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान आ सकते हैं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal