उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को जरूरी बताते हुए मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गैर-कानूनी तरीके से दर्ज अपात्र लोगों के नामों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर संदेश जारी कर कहा कि भारत युगों से लोकतांत्रिक मूल्यों का संरक्षक रहा है।
ऐसे में भारत निर्वाचन आयोग की ओर से कराया जा रहा SIR लोकतांत्रिक विरासत को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
मृतक और दोहरी प्रविष्टियों के सत्यापन पर जोर
उन्होंने कहा कि मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों का नियमानुसार सत्यापन आवश्यक है। आदित्यनाथ ने कहा, “सभी जागरूक मतदाता ध्यान रखें कि मतदाता सूची में अवैध रूप से दर्ज अपात्र नामों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार हटाना भारत की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अनिवार्य है।”
18 साल के युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील
सीएम योगी ने पहली बार मतदान की उम्र में पहुंच रहे युवाओं से भी विशेष अपील की। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे नागरिकों से अपील की के वह अपना नाम मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं और शुद्ध, सशक्त तथा पारदर्शी मतदाता सूची के निर्माण में सहभागी बनें। इस तरह SIR को लेकर मुख्यमंत्री ने एक ओर मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धीकरण पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर नए मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का संदेश दिया।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal