Friday , September 18 2026

यूपी में 6 महीने में एक लाख सरकारी नौकरियां! पुलिस से लेकर शिक्षक भर्ती तक, यहां देखें पूरी जानकारी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से अगले छह माह में एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने के एलान के बाद विभिन्न विभागों में पहले से चल रही और प्रस्तावित भर्तियों को तेज करने की तैयारी है। युवाओं के लिए इसका मतलब केवल नई विज्ञप्तियों का इंतजार करना नहीं, बल्कि पहले से जारी भर्ती प्रक्रियाओं, आगामी विज्ञापनों और विभागवार रिक्तियों पर नजर रखना होगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक एक लाख के इस लक्ष्य में पुलिस और होमगार्ड विभाग की करीब 77 हजार भर्तियां शामिल हैं। एक लाख के लक्ष्य को देखते हुए अभ्यर्थियों को केवल नई भर्तियों का इंतजार करने के बजाय यूपीपीएससी, यूपीएसएसएससी, यूपीईएसएससी, पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड और संबंधित विभागों की आधिकारिक वेबसाइटों पर जारी विज्ञप्तियों, आवेदन की अंतिम तिथि और परीक्षा कार्यक्रम लगातार देखते रहना होगा।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के स्तर पर विभिन्न समूह-ग पदों की भर्तियां भी प्रस्तावित हैं। इनमें कनिष्ठ सहायक, स्टेनोग्राफर, तकनीकी और अन्य विभागीय पद शामिल हैं। वहीं नागरिक सुरक्षा विभाग ने 191 पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। इनमें सहायक उप नियंत्रक के 104, स्टोरमैन के 33, कनिष्ठ सहायक के 25, डिस्पैच राइडर के 14, आशुलिपिक के नौ और भंडार अधीक्षक-द्वितीय के छह पद हैं। लोक सेवा आयोग की ओर से भी विभिन्न विभागों के पदों पर भर्ती प्रक्रियाएं जारी हैं। आयोग की मौजूदा अधिसूचनाओं में सीधी भर्ती के विज्ञापन और शिक्षक भर्ती समेत कई प्रक्रियाएं सूचीबद्ध हैं।
पहले ही शुरु है सबसे बड़ी संख्या में भर्तियों की प्रक्रिया
इनमें बड़ी संख्या ऐसी भर्तियों की है, जिनकी प्रक्रिया पहले ही शुरू हो चुकी है। होमगार्ड विभाग में 41 हजार से अधिक पदों की भर्ती प्रक्रिया सामने आ चुकी है, जबकि पुलिस में 32 हजार से अधिक सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के चरण में है। ऐसे में इनका परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया युवाओं के लिए अगला महत्वपूर्ण पड़ाव होगा। शिक्षा क्षेत्र में भी भर्ती का बड़ा अवसर सामने है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 12,405 सहायक अध्यापक पदों और 2,607 पीजीटी पदों, यानी कुल 15,012 पदों के लिए विज्ञापन जारी किया है। सहायक अध्यापक पदों में 11,508 बेसिक शिक्षा के सहायक अध्यापक और 897 सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के पद शामिल हैं।
पीजीटी के लिए परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित
पीजीटी के लिए परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है। इसके अलावा टीजीटी, उच्च शिक्षा में सहायक प्रोफेसर और अन्य शिक्षकीय पदों पर भी भर्ती प्रक्रियाएं चल रही हैं। ऐसे में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए आयोगों की वेबसाइट और विज्ञप्तियों पर नियमित नजर रखना जरूरी होगा।
अभ्यर्थी इन बातों का रखें ध्यान
सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले युवाओं को भर्ती की जानकारी के लिए सोशल मीडिया पोस्ट या अनधिकृत वेबसाइटों पर निर्भर रहने के बजाय संबंधित आयोग और भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विज्ञप्ति को प्राथमिकता देनी चाहिए। आवेदन की अंतिम तारीख, पात्रता, परीक्षा कार्यक्रम और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी भी वहीं से जांचना जरूरी होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com