सितंबर दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने दिन में मध्यम दर्जे की बारिश होने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में यह 22.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 3.8 डिग्री कम है। विभाग के अनुसार, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। वहीं, रिज में न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है। आयानगर में न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है। विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में पालम में 64.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि इसी दौरान आयानगर में 1.9 मिमी बारिश हुई। सफदरजंग और रिज में बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 113 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में है। सीबीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal