Wednesday , July 15 2026

दिल्ली में अमित शाह से मिले सीएम योगी, एक घंटे चली मुलाकात, 2027 चुनाव पर भी हुई चर्चा

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर सियासी हलचल के बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आज ही दिल्ली पहुंचे। उनके भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इन बैठकों के एजेंडे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अहम मुद्दों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार, अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच करीब एक घंटे तक बैठक चली। इस दौरान उत्तर प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में राज्य में चल रहे विकास कार्यों, विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति और कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा भी की गई।
चुनावी रणनीति पर मंथन
जानकारी के मुताबिक, बैठक में वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रमों और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श किए जाने की बात सामने आ रही है।
बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अचानक दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पार्टी संगठन, सरकार और आगामी चुनावों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर शीर्ष नेतृत्व के साथ मंथन किया गया है। हालांकि, सरकार या भाजपा की ओर से बैठक के विषय में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
बैठक पर सबकी नजर
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच हुई इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में इन बैठकों के बाद संगठन और सरकार से जुड़े कौन से फैसले सामने आते हैं। फिलहाल, बैठक के विस्तृत एजेंडे को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com