Wednesday , July 15 2026

यूपी में धीमी पड़ी मानसून की रफ्तार, बारिश थमने से बढ़ी उमस भरी गर्मी

उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार सुस्त पड़ते ही उमस भरी गर्मी बेहाल करने लगी है। पूर्वी तराई के कुछ हिस्से को छोड़कर प्रदेश में बाकी जगह बारिश का सिलसिला थमा है। मौसम विभाग ने गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर और आसपास के इलाके में जरूर हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई है। प्रदेश के अन्य जनपदों में बारिश के कम आसार हैं। बादलों की आवाजाही के बीच हल्की धूप खिली रहेगी। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार-पांच दिन तक प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्से में बरसात की संभावना कम है। बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब कमजोर पड़ चुका है। इसी कारण ये स्थिति बनी है। कुछ जगहों पर हल्की-फुल्की बारिश संभव है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले चार-पांच दिन दिन तक लगातार तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक पारा ऊपर चढ़ सकता है।
लखनऊ में चढ़ा पारा
राजधानी लखनऊ की बात करें तो यहां सोमवार को उमस भरी गर्मी का आलम रहा। रात तक भी गर्मी का असर बना रहा। सोमवार को तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करीब 35 जिलों में तापमान में बढ़ोत्तरी देखने को मिली है।
पूर्वी तराई हिस्से में बारिश
यूपी के पूर्वी तराई के जनपदों में अच्छी बारिश देखने को मिल रही है। गोरखपुर से लेकर बहराइच, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, सिद्धार्थनगर और अन्य जनपदों में अभी तक ठीक-ठाक बारिश हुई है। वहीं, पश्चिमी यूपी में बारिश फिल्हाल के थमती नजर आ रही है। इससे किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com