Monday , July 13 2026

अमरनाथ यात्रा: कड़ी सुरक्षा के बीच 7,754 श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू से रवाना

कश्मीर घाटी में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए सोमवार को जम्मू के दो आधार शिविरों से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 7,700 से अधिक श्रद्धालुओं का 12वां जत्था रवाना हुआ। 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित इस पवित्र गुफा मंदिर में अब तक 2,52,000 से अधिक तीर्थयात्री भगवान शिव के ‘हिमलिंगम’ के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को रवाना हुए कुल 7,754 तीर्थयात्रियों में 5,383 पुरुष, 2,071 महिलाएं, 222 साधु, 58 साध्वियां, 16 बच्चे और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। ये सभी श्रद्धालु कुल 303 वाहनों के काफिले में सवार होकर अपनी मंजिल की ओर बढ़े। सुरक्षा कारणों से इस काफिले को दो अलग-अलग समूहों में बांटा गया था। बालटाल मार्ग से जाने वाला पहला काफिला तड़के 3:30 बजे रवाना हुआ, जिसमें 133 गाड़ियों में 2,896 तीर्थयात्री सवार थे। वहीं, पहलगाम मार्ग से जाने वाला दूसरा काफिला सुबह 4:05 बजे निकला, जिसमें 170 वाहनों में 4,858 श्रद्धालु सवार थे। दो जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक कुल 87,701 तीर्थयात्री जम्मू आधार शिविर से कश्मीर के लिए प्रस्थान कर चुके हैं, जिसमें शुक्रवार को रवाना हुए श्रद्धालु भी शामिल हैं भगवती नगर आधार शिविर से रवाना होते समय श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था। पूरा माहौल ‘बम बम भोले’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय बर्फानी बाबा की’ के जयकारों से गूंज उठा। कई तीर्थयात्रियों ने प्रशासन द्वारा यात्रा के सुचारू संचालन के लिए किए गए सुरक्षा और अन्य प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। 57 दिनों तक चलने वाली यह पवित्र वार्षिक यात्रा आगामी 28 अगस्त को संपन्न होगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com