Saturday , July 11 2026

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर शुभकामनाओं की बौछार, PM मोदी, CM योगी समेत भाजपा के दिग्गज नेताओं ने दी बधाई

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर शुक्रवार को देश और उत्तर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेताओं ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा कर उनके स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना की।
PM मोदी ने बताया आत्मनिर्भर रक्षा का मजबूत स्तंभ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह की प्रशासनिक समझ और नेतृत्व क्षमता देश को मजबूत एवं सुरक्षित बनाने में अहम योगदान दे रही है। प्रधानमंत्री ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की भी कामना की।
CM योगी बोले- आपका समर्पण करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में राजनाथ सिंह को प्रखर वक्ता और जनप्रिय नेता बताते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की।
पंकज चौधरी ने दी शुभकामनाएं
भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि राजनाथ सिंह का दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दूरदर्शी सोच देश को नई शक्ति और गौरव प्रदान कर रही है। उन्होंने उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की कामना की।
उपमुख्यमंत्रियों ने भी दी बधाई
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना की।
वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें लोकप्रिय नेता, प्रखर वक्ता और सभी का संरक्षक बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा ईश्वर से उनके स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की प्रार्थना की।
राजनाथ सिंह का राजनीतिक सफर
उत्तर प्रदेश के निवासी राजनाथ सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से की थी। इसके बाद वे भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई से जुड़े और संगठन व सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
अपनी संतुलित और गैर-विवादास्पद राजनीतिक शैली के कारण राजनाथ सिंह विभिन्न दलों के बीच संवाद स्थापित करने वाले नेताओं में गिने जाते हैं। वर्तमान में वे लोकसभा में लखनऊ संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में कार्यरत हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com