देश के कई हिस्सों में भारी बारिश आफत साबित होने लगी है। महाराष्ट्र में आंधी-तूफान के साथ बारिश में कम से कम 8 लोगों की मौत हो गई। बिजली के पोल, पेड़ उखड़ गए। चॉल ढह गईं। पहाड़ों पर भी ऐसे ही हालात हैं। यूपी में भी मानसून ने जोरदार एंट्री की थी। मानसून की पहली बारिश में बादल झूमकर बरसे। कई जगहों पर जनहानि भी देखने को मिली। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से मानसून ठहर गया। राज्य में भीषण गर्मी का दौर प्रारंभ हो गया। हालांकि अब राहत के आसार बनने लगे हैं। इसलिए क्योंकि मासनून एक बार फिर से छाने को तैयार है। मौसम विभाग ने सोमवार को यूपी के 59 जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। मंगलवार से मानसून के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में बारिश की उम्मीद है।
यूपी में मानसून की जोरदार एंट्री से बड़ी राहत की उम्मीद जगी थी। तराई क्षेत्रों में झमाझम बारिश के बाद मानसून ठहर गया। तेज धूप ने उमस बढ़ा दी। इससे एक बार फिर आमजन बेचैन हो गया है। लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश के आसार हैं। बूंदाबांदी हो सकती है। मध्य प्रदेश से सटे हिस्से से लेकर विंध्यांचल इलाके तक बादल गरज सकते हैं। बिजली तड़केगी। बारिश भी संभव है। मंगलवार 7 जुलाइ से मानसून सक्रिय हो रहा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से में अच्छी बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।
लखनऊ में बारिश से थोड़ी राहत
यूपी की राजधानी लखनऊ झन्नाटेदार बारिश का इंतजार है। रविवार की शाम को मौसम ने अचानक रुख बदला। आसमान में घनघोर बादल छा गए। तेज हवा के झोंकों के साथ बारिश ने बड़ी राहत दिलाई। चंद मिनटों की बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। यूपी के पीलीभीत, बरेली, सुल्तानपुर, इटावा, प्रयागराज और कानपुर आदि क्षेत्रों में बारिश देखने को मिली।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal