उत्तर प्रदेश में 12 जुलाई को होने वाले पौधरोपण महाभियान-2026 को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस बार प्रदेश में एक ही दिन 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार से स्वयं तैयारियों की कमान संभालेंगे। मुख्यमंत्री सोमवार रात 9 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी निर्देश के अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, सभी अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों के अलावा मंडल एवं जिला स्तर के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, नगर विकास, कृषि, उद्यान, लोक निर्माण, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन समेत सभी संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। अधिकारियों को बैठक शुरू होने से 15 मिनट पहले जुड़ने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस बार भी अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। केंद्र और प्रदेश सरकार के विभागों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, स्कूल-कॉलेजों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों की भागीदारी से पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा। वन एवं पर्यावरण विभाग को इस अभियान का नोडल विभाग बनाया गया है, जबकि वन मंत्री अन्य विभागों के मंत्रियों के साथ लगातार समन्वय बैठकें कर रहे हैं। अभियान के तहत वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़ और पंचायतीराज विभाग 1.22 करोड़ पौधरोपण करेगा। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे 5.50 लाख पौधे लगाए जाएंगे। सभी जिलों में जिला वृक्षारोपण समितियां नियमित बैठकें कर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal