Saturday , July 4 2026

CM योगी बोले- यूपी के आम को मिलेगी वैश्विक पहचान, GI टैग, ब्रांडिंग और निर्यात पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आम को गुणवत्ता, विश्वास और वैश्विक मानकों पर खरा उतरना होगा। प्रदेश का लक्ष्य केवल आम उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि उसकी ब्रांडिंग, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, ट्रेसेबिलिटी और ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन के जरिए उसे वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाना है। मुख्यमंत्री ने उद्यान विभाग को आम की अधिक से अधिक किस्मों को जीआई टैग दिलाने के लिए आवेदन करने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आम महोत्सव-2026 का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदर्शनी में लगी 800 से अधिक आम की प्रजातियों का अवलोकन किया और किसानों, बागवानों तथा विशेषज्ञों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश के कुल आम उत्पादन में लगभग 26 प्रतिशत की हिस्सेदारी रखता है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों, 75 जिलों और 825 विकासखंडों में आम का उत्पादन होता है। वाराणसी-गोरखपुर का लंगड़ा, मलिहाबाद का दशहरी, बागपत और सहारनपुर का रटौल, बस्ती का आम्रपाली तथा गोरखपुर का गौरजीत जैसी किस्में प्रदेश की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि एक एकड़ आम के बाग से किसान सामान्यतः दो से तीन लाख रुपये तक का मुनाफा कमा रहे हैं। यदि इसमें वैल्यू एडिशन, फूड प्रोसेसिंग और निर्यात जोड़ा जाए तो आय और बढ़ सकती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सहारनपुर, वाराणसी, लखनऊ और अमरोहा में आधुनिक मैंगो पैक हाउस संचालित हैं। अब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के पास इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एंड ट्रीटमेंट पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के आम और अन्य बागवानी उत्पादों के निर्यात को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि आम की गुणवत्ता सुधारने के लिए फ्रूट कवर बैग तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है और किसानों को डेढ़ करोड़ से अधिक बैग वितरित किए गए हैं। कार्यक्रम में सीएम योगी ने आम महोत्सव-2026 की स्मारिका का भी विमोचन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण) बी.एल. मीणा सहित बड़ी संख्या में किसान, बागवान और कृषि विशेषज्ञ मौजूद रहे।
काकोरी ब्रांड से जुड़ेगा देशभक्ति का संदेश
मुख्यमंत्री ने मलिहाबाद के आम को दिए गए ”काकोरी ब्रांड” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक ब्रांड नहीं, बल्कि देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान और किसानों की मेहनत की मिठास का प्रतीक है।
इनसेट
मैंगो वैल्यू चेन और मैंगो टूरिज्म पर जोर
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश को विश्व का सर्वश्रेष्ठ मैंगो वैल्यू चेन हब बनाने का लक्ष्य रखते हुए अनुसंधान, ड्रोन एवं एआई आधारित खेती, कोल्ड चेन, फूड प्रोसेसिंग, ई-कॉमर्स और वैश्विक निर्यात व्यवस्था को एकीकृत करने पर बल दिया। साथ ही मैंगो टूरिज्म को नई पहचान देने और किसानों को एग्री-इंटरप्रेन्योर बनाने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने कहा कि पोस्ट हार्वेस्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, पैक हाउस, राइपनिंग सेंटर, फूड प्रोसेसिंग यूनिट और निर्यात सुविधाओं का विस्तार पीपीपी मॉडल पर भी किया जाएगा। इससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और युवा कृषि एवं उद्यमिता की ओर आकर्षित होंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com