Wednesday , July 1 2026

गोमती रिवर फ्रंट में 25 करोड़ से चलेगा वॉटर लेजर शो, LDA ने 266 करोड़ की 120 विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी

गोमती रिवर फ्रंट पर नदी में जल्द वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो देखने को मिलेगा। इसमें प्रदेश के इतिहास के साथ ही लखनऊ की कला एवं विरासत को आकर्षक तरीके से दर्शाया जाएगा। एलडीए यह कार्य 25 करोड़ रुपये की लागत से कराएगा। मंगलवार को पारिजात सभागार में हुई अवस्थापना विकास निधि की बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने वॉटर लेजर शो समेत 266 करोड़ रुपये की 120 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने सभी प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का ब्योरा दिया। बताया कि गोमती रिवर फ्रंट पर 25 करोड़ की लागत से वॉटर लेजर शो के लिए लाइट एंड साउंड सिस्टम लगेंगे। इसके अलावा शहर में अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो आधुनिक हाईड्रॉलिक प्लेटफार्म खरीदे जाएंगे, इसके लिए अग्निशमन विभाग को एलडीए 68 करोड़ रुपये देगा। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत यूटिलिटी शिफ्टिंग व अन्य कार्य के लिए 15 करोड़ रुपये खर्च किये जाएंगे। बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
10.67 करोड़ से पार्कों में लगेंगे ओपन जिम
कानपुर रोड योजना, आशियाना, सरोजनी नगर समेत अन्य क्षेत्रों में नागरिकों की सुविधा के लिए लगभग 10.67 करोड़ से ओपन जिम स्थापित किये जाएंगे। इस क्रम में ग्राम-सदरौना में लगभग 10 करोड़ की लागत से अवस्थापना सुविधाओं के कार्य कराये जाएंगे। कैटिल कालोनी में 7.50 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, लोकबन्धु चौराहे से एलडीए पार्किंग स्थल तक आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाएगा।
बटलर पैलेस में 5 करोड़ से बनेगी लाईब्रेरी
उपाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 5 करोड़ की लागत से ऐतिहासिक बटलर पैलेस में आधुनिक लाईब्रेरी विकसित की जाएगी। इसके लिए भवन के आंतरिक परिसर को रूपांतरित किया जाएगा। वहीं, कमता अंडरपास, होटल ताज अंडरपास, पिकप भवन अंडरपास समेत अन्य स्थानों पर फसाड लाइटिंग/क्लेडिंग का कार्य 5.50 करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। साथ ही शहर के विभिन्न 150 पार्कों में 6 करोड़ रुपये की लागत से बच्चों के लिए झूले स्थापित किये जाएंगे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com