Wednesday , June 24 2026

मुख्यमंत्री ने पद्म पुरस्कार प्राप्त विभूतियों को दी बधाई, कहा- ‘यूपी का गौरव बढ़ाया’

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह-II में वर्ष 2026 के पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की कई विभूतियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित सभी विभूतियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कला क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित चिरंजी लाल यादव को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने पिछले पांच दशकों से ‘कांसा नक्काशी’ की समृद्ध कला के संरक्षण, संवर्धन और उसे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अमूल्य योगदान दिया है। उनकी उपलब्धि ने उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कृषि क्षेत्र में मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित रघुपत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि सेवा के प्रति उनकी पांच दशक से अधिक लंबी साधना ने भारतीय कृषि को नई दिशा दी। पारंपरिक बीजों के संरक्षण और किसानों के जीवन को समृद्ध बनाने में उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रख्यात रंगकर्मी एवं विद्वान अनिल कुमार रस्तोगी को पद्मश्री मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक हजार से अधिक नाट्य प्रस्तुतियों और अंतरराष्ट्रीय नाट्य महोत्सवों के माध्यम से भारतीय कला एवं संस्कृति को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित किया है। उनका योगदान रंगमंच से जुड़े लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com