Saturday , June 13 2026

यूपी में 1.5 लाख युवाओं को मिलेगी फाइनेंशियल स्किल्स की ट्रेनिंग, एनएसई से हुआ करार

उत्तर प्रदेश के 1.5 लाख से अधिक युवाओं को अब कौशल प्रशिक्षण के साथ वित्तीय प्रबंधन की भी शिक्षा दी जाएगी। उप्र. कौशल विकास मिशन (यूपीएसडीएम) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के बीच शुक्रवार को इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए। इसके तहत प्रदेश भर के 1000 से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों में कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को वित्तीय साक्षरता और निवेश संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि सरकार युवाओं को केवल रोजगार तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाने पर भी काम कर रही है।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को आय-व्यय प्रबंधन, बचत, निवेश, ऋण प्रबंधन, वित्तीय सुरक्षा और भविष्य की आर्थिक योजना बनाने की जानकारी दी जाएगी। मिशन निदेशक पुलकित खरे ने कहा कि कौशल विकास का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब युवा अपनी कमाई का सही प्रबंधन करना सीखेंगे। यह पहल युवाओं को रोजगार के साथ वित्तीय रूप से भी सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
अगले सप्ताह से शुरू होगा प्रशिक्षण
यूपीएसडीएम और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (डीडीयू-जीकेवाई) के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवाओं को अगले सप्ताह से फाइनेंशियल स्किलिंग की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को वित्तीय निर्णय लेने में सक्षम बनाना और उन्हें ऑनलाइन ठगी तथा फर्जी निवेश योजनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
मिशन मुख्यालय में हुई कार्यशाला
एमओयू से पहले मिशन मुख्यालय में वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन के मूल सिद्धांतों की जानकारी दी गई। एनएसई के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बचत, निवेश, जोखिम प्रबंधन, बीमा, टैक्स प्लानिंग और दीर्घकालिक वित्तीय लक्ष्यों से जुड़े 12 महत्वपूर्ण सूत्र बताए।
सारथी एप की भी दी जानकारी
कार्यशाला में एनएसई के ‘सारथी एप’ के बारे में भी जानकारी दी गई। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म निवेश शिक्षा, वित्तीय योजना, कैलकुलेटर और वित्तीय स्वास्थ्य मूल्यांकन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com