उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रवक्ता संवर्ग के 624 पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। आयोग ने लिखित परीक्षा के आधार पर 18 विषयों के कुल 2,253 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए औपबंधिक रूप से सफल घोषित किया है। विषयवार और श्रेणीवार परिणाम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि विज्ञापन संख्या 02/2022 के अंतर्गत प्रवक्ता संवर्ग के पदों पर भर्ती के लिए 9 और 10 मई 2026 को लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में प्रदेशभर से 1,92,934 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। उन्होंने बताया कि लिखित परीक्षा के परिणाम के आधार पर कुल 2,253 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। चयनित अभ्यर्थी भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षाशास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, मनोविज्ञान, रसायन विज्ञान, भूगोल, कला और हिन्दी सहित 18 विषयों से संबंधित हैं। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अद्यतन सूचनाएं देखते रहें और निर्धारित समय पर साक्षात्कार से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करें।
वेबसाइट पर उपलब्ध है परिणाम
आयोग के अनुसार विषयवार एवं श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों के अनुक्रमांक आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। अभ्यर्थी अपने लॉगिन अथवा वेबसाइट के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं।
3 जून को जारी होगा साक्षात्कार कार्यक्रम
साक्षात्कार की विषयवार और तिथिवार विस्तृत सूचना 3 जून 2026 को आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। आयोग ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर भी साक्षात्कार संबंधी सूचना उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि किसी अभ्यर्थी को सूचना प्राप्त करने में असुविधा न हो।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal