Wednesday , June 3 2026

यूपी में फिर सताने लगी तेज धुप, 42 डिग्री के साथ फतेहगढ़ सबसे गर्म स्थान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से निकली तेज धूप ने शहर में मंगलवार काे तपिश बढ़ा दी। दोपहर के समय गर्मी से पसीने छूटने लगे। दिन भर लोग परेशान रहे।गर्मी ने लोगों को दिन भर परेशान किया। अधिकतम तापमान करीब 4.7 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 38.8 डिग्री पहुंच गया। न्यूनतम तापमान भी 1.6 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 26 डिग्री पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही पारा 40 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मौसम साफ रहेगा। पारे में 1-2 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी होगी।
राज्य में सबसे गर्म स्थान फतेहगढ़
मौसम विभाग ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार राज्य में सबसे गर्म स्थान फतेहगढ़ रहा, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। विभाग ने कहा कि बस्ती में 41 डिग्री अधिकतम सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया जबकि लखीमपुर खीरी में 40.6 डिग्री सेल्सियस, बांदा में 40.4 डिग्री सेल्सियस और फतेहपुर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तक पारा चला गया। चुर्क (सोनभद्र) में 1.2 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में छिटपुट जगहों पर तेज हवाओं के साथ आंधी/बिजली गिरने की बहुत अधिक संभावना है।
मौसम में बदलाव से भी कम नहीं हो रहा गर्मी का पसीना
दिन-प्रतिदिन मौसम में हो रहे बदलाव के बावजूद लोग गर्मी और उमस की तपिश झेल रहे हैं, अलबत्ता कहीं-कहीं बारिश होने से लोगों को राहत मिल रही है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार का दिन मौसम के लिहाज से सामान्य रहा और पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं बारिश नहीं हुई। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तापमान अपेक्षाकृत कम ही रहा। दिन में पूरे महानगर में दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलीं, जिनकी गति 15-20 किलोमीटर प्रति घंटा रही और झोंकों के रूप में यह 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गयी।
मौसम विभाग ने दिल्ली में गरज-चमक, बिजली कड़कने, तेज हवाएं चलने और रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान तापमान सामान्य से नीचे ही बना रहेगा। हरियाणा में पिछले दिनों हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मई के महीने में राज्य का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो बारिश के बाद घटकर लगभग 39 डिग्री सेल्सियस रह गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि इस अवधि में दिन के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन बारिश और बादलों के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
कहीं बारिश से राहत की बौछार
किसानों और आम नागरिकों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। राजस्थान के अलवर में सोमवार रात हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया और भीषण गर्मी से आमजन को भारी राहत मिली है। रात करीब 11 बजे शुरू हुई बरसात से कई इलाकों में कुछ ही देर की बारिश से सड़कों पर पानी भर गया।
बारिश होने से गर्मी से आमजन को भारी राहत मिली है , लेकिन इस दौरान कई जगह बिजली गुल होने से लोगों को काफी परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है। जलभराव के कारण प्रमुख मार्गों पर रात में यातायात प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर आने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री कम है। बुधवार को लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। झारखंड में विभिन्न हिस्सों में कहीं भीषण गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ स्वरूप देखने को मिल सकता है। इससे पहले सोमवार को राजधानी रांची समेत कई इलाकों में अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवा के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
हालांकि राज्य के कई अन्य जिलों में आज दिनभर तेज धूप और उमस का असर बना रहा, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार शाम मौसम में अचानक बदलाव आया और तेज अंधड़ के साथ कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के कारण दोरनापाल और जगरगुंडा क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे 72 गांवों में ब्लैकआउट की स्थिति उत्पन्न हो गई। तेज हवाओं और बारिश के कारण बिजली लाइनों तथा विद्युत तंत्र को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते एहतियातन विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com