Saturday , May 30 2026

सीएम योगी का बड़ा आदेश : भर्ती परीक्षाओं और प्रमोशन में धांधली पर लगेगी लगाम, नए दिशा-निर्देश जारी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तकनीक आधारित निगरानी को और सुदृढ़ करने तथा सभी चयन प्रक्रियाओं को आरक्षण मानकों के पूर्ण पालन के साथ पारदर्शी, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस को अधिक सक्षम, आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में यह वर्ष महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भर्ती एवं पदोन्नति की सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं तथा अभ्यर्थियों की सुविधा और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। मुख्यमंत्री ने भर्ती बोर्ड की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए नियमित मॉनीटरिंग और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में भर्ती बोर्ड के माध्यम से कुल 81,472 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इनमें उप निरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 4,543, होमगार्ड्स के 41,424, आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों के 32,679, कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,352, उप निरीक्षक (गोपनीय) एवं पुलिस सहायक उप निरीक्षक (लिपिक एवं लेखा) के 537, प्रोग्रामर ग्रेड-2 के 55, रेडियो सहायक परिचालक के 44, कुशल खिलाड़ी भर्ती के 637 तथा मृतक आश्रित भर्ती के 201 पद शामिल हैं। समीक्षा बैठक में भर्ती प्रक्रियाओं की प्रगति की जानकारी भी दी गई। उप निरीक्षक नागरिक पुलिस भर्ती-2025 के लिए दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण जून में तथा अंतिम परिणाम जुलाई के तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। होमगार्ड्स नामांकन-2025 के अंतर्गत दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण जुलाई में, शारीरिक दक्षता परीक्षा अगस्त में तथा अंतिम परिणाम सितंबर के दूसरे सप्ताह में जारी करने की योजना है। आरक्षी एवं समकक्ष पदों की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसके लिए लगभग 28 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इसका अंतिम परिणाम अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कुशल खिलाड़ी भर्ती के अंतर्गत सभी 25 खेल विधाओं के परीक्षण पूर्ण हो चुके हैं तथा अंतिम परिणाम जून 2026 के दूसरे सप्ताह में प्रस्तावित है। अन्य तकनीकी एवं लिपिकीय संवर्गों की भर्ती प्रक्रियाएं भी चरणबद्ध रूप से जारी हैं। मृतक आश्रित भर्ती के मामलों पर मुख्यमंत्री ने मानवीय और व्यवहारिक दृष्टिकोण अपनाते हुए नियमों को सरल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि वर्तमान में कुल 9,406 पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया संचालित है तथा संबंधित विभागीय परीक्षाएं और मूल्यांकन कार्य प्रगति पर हैं। समीक्षा में यह भी अवगत कराया गया कि वर्ष 2017 से मई 2026 तक भर्ती बोर्ड द्वारा विभिन्न संवर्गों में कुल 2,21,245 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इसी अवधि में 1,60,819 पुलिस कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस देश के सबसे बड़े और महत्वपूर्ण पुलिस बलों में से एक है। भर्ती एवं पदोन्नति प्रक्रियाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाकर पुलिस बल को और अधिक सशक्त किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिले और प्रदेश की कानून-व्यवस्था निरंतर मजबूत हो सके।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com