Thursday , March 19 2026

माता वैष्णो देवी मंदिर में कड़ी सुरक्षा, नवरात्र के लिए फूलों से सजाया गया दरबार

चैत्र नवरात्र के मद्देनजर त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले मार्ग पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यह जानकारी एक अधिकारी ने बुधवार को दी। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सचिन कुमार वैश्य ने कहा कि नौ दिवसीय त्योहार से पहले भवन और आसपास के परिसर सहित पूरे मंदिर क्षेत्र को फूलों से सजाया गया है। नवरात्र के दौरान तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ के मंदिर में आने की उम्मीद है। वैश्य ने तीर्थयात्रियों के लिए आधार शिविर कटरा में पत्रकारों से कहा, “श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए व्यापक व्यवस्था की है। इस वर्ष तीर्थयात्रियों की संख्या 15 लाख तक पहुंच गई है और माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और भी बढ़ेगी।” सीईओ ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), जम्मू कश्मीर पुलिस, श्राइन बोर्ड के सुरक्षा कर्मचारियों और सेना के जवानों के साथ बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि एक एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र चौबीस घंटे कार्यरत है और स्थिति पर निरंतर नजर रखने के लिए उच्च तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कहा विभिन्न स्थानों पर आठ ‘क्या मैं आपकी सहायता कर सकता हूं’ डेस्क स्थापित किए गए हैं। सीईओ ने बताया कि दिव्यांग श्रद्धालुओं को प्राथमिकता दी जाएगी और पिछले वर्षों की तरह उन्हें मुफ्त बैटरी कार सेवा और टट्टू सेवा प्रदान की जाएगी। वैश्य ने बताया कि इस वर्ष कुछ नई सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं, जैसे ध्यान के लिए साधना कक्ष और हवन के लिए यज्ञशाला।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com