होली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजार रंगों की आभा से सराबोर हो उठे हैं। ताड़ीखाना, जीएमडी रोड, कोर्ट रोड, बुधबाजार समेत अन्य प्रमुख बाजारों में गुलाल, रंग, पिचकारी और आकर्षक मुखौटों की सजी दुकानों से त्योहार के करीब होने का अहसास साफ झलक रहा है। दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल की ढेरियां और तरह-तरह की डिजाइन वाली पिचकारियां ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। बाजारों में सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ने लगी है। बच्चे कार्टून किरदारों वाली पिचकारियों और मुखौटों को लेकर खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं, तो वहीं युवा वर्ग हर्बल और ऑर्गेनिक रंगों की मांग कर रहा है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार भी ग्राहकों का रुझान सुरक्षित और त्वचा के अनुकूल रंगों की ओर अधिक है। सजावटी सामान, रंगीन टोपी, चश्मे और स्प्रे कलर भी बाजार में उपलब्ध हैं, जो होली के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं। शाम के समय बाजारों की चहल-पहल और भी बढ़ जाती है, जब परिवार के साथ लोग खरीदारी के लिए निकलते हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि त्योहार तक बिक्री में और तेजी आएगी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal