हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र में आने वाली सर्दियां इस बार असामान्य और अधिक जोखिम भरी साबित हो सकती हैं। अल नीनो के प्रबल प्रभाव के कारण इस पर्वतीय क्षेत्र के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है, जिससे खासकर नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन जैसी आपदाओं का खतरा बढ़ सकता है। काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी और चीनी विज्ञान अकादमी के वायुमंडलीय भौतिकी संस्थान ने संयुक्त रूप से ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट जारी की है, जिसमें इस संभावित मौसमी परिदृश्य को लेकर गंभीर चेतावनियां दी गई हैं। यह रिपोर्ट ऐसे समय पर सामने आई है जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो के प्रभाव को प्रबल से अत्यंत प्रबल रहने की जानकारी दी है। एनओएए के आकलन के अनुसार, लगभग 60 प्रतिशत संभावना है कि इस बार अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक प्रबल हो सकता है। जलवायु और पर्वतीय पारिस्थितिकी से जुड़े विशेषज्ञों के लिए यह स्थिति इसलिए भी संवेदनशील है क्योंकि यह क्षेत्र पहले ही बदलते मौसम और हिमनदों के व्यवहार में बदलावों का सामना कर रहा है। वहीं, इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने और जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है। यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो का प्रभाव प्रबल से अत्यंत प्रबल रहने की जानकारी दी है। प्रशासन के अनुसार, लगभग 60 प्रतिशत संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक प्रबल हो सकता है। आईसीआईएमओडी के वैज्ञानिकों ने कहा कि इस मौसमी घटना के कारण हिमालय की तलहटी में अधिक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक बर्फबारी हो सकती है। यह रिपोर्ट नेपाल और भूटान में मानसून के दौरान आई विनाशकारी आपदाओं के बाद सामने आई है। इन आपदाओं का संबंध ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमनद और स्थायी रूप से जमी रहने वाली जमीन (पर्माफ्रॉस्ट) में हो रहे बदलावों से था। अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी भोटेकोशी बाढ़ में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हो गई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हो गए थे। अनुमान है कि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों पर देश को 4.7 अरब अमेरिकी डॉलर खर्च करने की जरूरत है। रिपोर्ट में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्फ की सामान्य से अधिक मोटी परत जमने का अनुमान जताया गया है, जबकि भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग के कुछ इलाकों में बर्फ की परत सामान्य से पतली रहने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, बर्फ की परत की मोटाई नदियों में पानी का प्रवाह बनाए रखने और अगले वर्ष पानी की उपलब्धता तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बर्फ की परत कम मोटी होने से सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है, ‘‘सर्दियों में अधिक बारिश होने का मतलब यह नहीं है कि जंगलों में आग लगने का खतरा नहीं रहेगा। हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने की आशंका है जिससे घास और अन्य वनस्पतियां इतनी सूख सकती हैं कि उनमें आसानी से आग लग जाए।’’ रिपोर्ट में दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा के कुछ हिस्सों में जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने की आशंका अधिक से बहुत अधिक जताई गई है। आईसीआईएमओडी के जलविज्ञानी मनीष श्रेष्ठ ने कहा, ‘‘आपदाओं से निपटने की तैयारी केवल मानसून तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बारिश का समय और उसकी तीव्रता लगातार बदल रही है। ऐसे में स्थानीय अधिकारियों को तैयारियों की योजना बनाने के लिए मौसम के पूर्वानुमान और कब तथा कहां कदम उठाने हैं, यह तय करने के लिए स्थानीय स्तर पर अगले कुछ दिनों के मौसम की जानकारी की जरूरत है।’’
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal