Monday , October 19 2026

अयोध्या के 44 पीएमश्री स्कूलों में बनेंगे स्मार्ट आईडी कार्ड, 14,365 विद्यार्थियों और 459 शिक्षकों को मिलेगा लाभ

जनपद के 44 पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों और शिक्षकों का स्मार्ट आईकार्ड बनाया जायेगा। इसके लिए शासन की तरफ से करीब सात लाख रुपये का बजट जारी किया गया है। पहचान पत्र पर शिक्षकों के हस्ताक्षर के साथ ही बीएसए का भी हस्ताक्षर होगा। जिले में कुल 44 पीएमश्री विद्यालयों में कुल 14,365 बच्चे पढ़ाई करते हैं। इनमें प्राथमिक स्तर पर 6750 और उच्च प्राथमिक स्तर पर 7615 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। वहीं इन विद्यालयों में 459 शिक्षक तैनात हैं। बच्चों के साथ शिक्षकों को भी स्मार्ट आईकार्ड बनाए जाएंगे। इससे विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और वहां कार्यरत शिक्षकों की पहचान होगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार पीएम श्री विद्यालयों में स्मार्ट आईकार्ड की व्यवस्था से सरकारी स्कूलों के बच्चों को भी आधुनिक पहचान पत्र उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। आईडी कार्ड सामान्य परिचय पत्रों से अलग होंगे। इन्हें वाटर-रेजिस्टेंट प्लास्टिक से तैयार किया जाएगा, जिससे पानी के संपर्क में आने पर इनके जल्दी खराब होने की आशंका कम रहेगी। कार्ड पर पारंपरिक परिचय पत्र की तुलना में डिजिटल पहचान की सुविधा मिलेगी। इससे विद्यालयों में बच्चों और शिक्षकों की पहचान को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पहचान पत्रों में दर्ज होंगी जरूरी जानकारियां
शिक्षक और बच्चों के पहचान पत्र पर विस्तृत विवरण दर्ज रहेगी। शिक्षकों के पहचान पत्र पर मानव संपदा पहचान संख्या, शिक्षक का नाम, पदनाम, पिता, पति का नाम, जन्मतिथि, विद्यालय का नाम, ब्लाक और जिला का नाम, वर्तमान पता, मोबाइल नंबर, शिक्षक का नवीनतम फोटो, शिक्षक और शिक्षिका का हस्ताक्षर और बीएसए का भी हस्ताक्षर होगा। वहीं बच्चों के पहचान पत्रों पर बच्चों का नाम, स्कूल का नाम कक्षा, ब्लाक और जिले का नाम, प्रवेशांक, अपार आईडी, जन्मतिथि समेत अन्य जानकारियां दर्ज होगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद ने बताया कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com