Friday , October 2 2026

यूपी के स्वाद को मिला बड़े ब्रांडों का साथ, वॉलमार्ट, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग और बिड़ला एयरकॉन से करार

उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वाद अब स्थानीय बाजार की सीमाओं से निकलकर वैश्विक कारोबारी मंच पर नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहे हैं। योगी सरकार की ‘एक जिला, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पहल को उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में बड़े कारोबारी और तकनीकी संस्थानों का साथ मिला है। ट्रेड शो के दौरान ओडीओसी ने वॉलमार्ट वृद्धि, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग और बिड़ला एयरकॉन के साथ एमओयू किए, जबकि सीएफटीआरआई और एफएसएसएआई भी पहल के साझेदार बने हैं। इससे प्रदेश के पारंपरिक खाद्य उत्पादों के लिए बाजार, पैकेजिंग, तकनीक और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में नए अवसर खुलने की संभावना है। यूपीआईटीएस-2026 में ओडीओसी ने प्रदेश के 75 जिलों की पाक विरासत को एक मंच पर प्रस्तुत किया। ‘ब्रज की मिठास’, ‘अवध का जायका’, ‘रुहेली रसधार’, ‘बुंदेली बहार’, ‘पश्चिमी परिमल’ और ‘पुरबिया स्वाद’ जैसे क्षेत्रीय खंडों के जरिए अलग-अलग जिलों के विशिष्ट व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को खरीदारों और आगंतुकों तक पहुंचाया गया। ओडीओसी के हॉल नंबर-16 में 25 से 29 सितंबर तक ₹66.49 करोड़ से अधिक की बी2सी और बी2बी गतिविधियां दर्ज की गईं। इसमें ₹6.76 करोड़ की बी2सी और ₹59.73 करोड़ की बी2बी गतिविधियां शामिल हैं। इस दौरान 2,223 बी2बी पूछताछ दर्ज की गईं। 27 सितंबर को एक ही दिन में ₹25.69 करोड़ की गतिविधियां दर्ज हुईं, जबकि 28 सितंबर को यह आंकड़ा ₹21.30 करोड़ रहा।
पैकेजिंग, तकनीक और खाद्य सुरक्षा से जुड़ेगी पहल
इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पैकेजिंग के साथ साझेदारी से ओडीओसी उत्पादों की पैकेजिंग को आधुनिक बाजार की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने में मदद मिल सकती है। वहीं सीएफटीआरआई के तकनीकी सहयोग और एफएसएसएआई की सहभागिता से खाद्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा के पहलुओं को मजबूती मिलेगी।
वॉलमार्ट वृद्धि के साथ एमओयू स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार और खरीद नेटवर्क से जोड़ने का अवसर देता है। बिड़ला एयरकॉन के साथ साझेदारी भी ओडीओसी के संस्थागत सहयोग के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह ओडीओसी अब केवल स्थानीय उत्पादों की पहचान और बिक्री तक सीमित नहीं, बल्कि गुणवत्ता, पैकेजिंग, तकनीक, खाद्य सुरक्षा और बाजार संपर्क की पूरी श्रृंखला को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
छोटे उद्यमियों को भी मिला बड़ा बाजार
यूपीआईटीएस के ओडीओसी लाइव पवेलियन में छोटे और पारंपरिक उद्यमियों को भी नए खरीदारों से जुड़ने का मौका मिला। गोंडा कचौड़ी जंक्शन को शुरुआती तीन दिनों में करीब 40 हजार रुपये की बी2सी बिक्री और 150 से अधिक कारोबारी पूछताछ मिली। उन्नाव की सक्षम एंटरप्राइजेज ने करीब 90 हजार रुपये की बिक्री दर्ज की। आजमगढ़ की लौंगलता, रामपुर का हब्शी हलवा और अयोध्या के मौर्य मिष्ठान भंडार जैसे उत्पादों को भी ग्राहकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com