Friday , October 2 2026

दीवाली से पहले लखनऊ के हर वार्ड में लगेंगी 50 स्ट्रीट लाइटें, नगर निगम का बजट 53 अरब

दीवाली से पहले नगर निगम के सभी 110 वार्डों में 50-50 स्ट्रीट लाइटें लगायी जाएंगी। पार्षदों की मांग पर गुरुवार को महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी बैठक में यह प्रस्ताव पास कर दिया गया। खराब सड़कों की मरम्मत, सफाई, मार्ग प्रकाश और कर्मचारियों के वेतन सहित अन्य कार्यों पर खर्च के लिए पुनरीक्षित बजट में करीब 600 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जिसमें निर्माण कार्यों पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 का करीब 47 अरब रुपये का मूल बजट पास किया था, जिसे बढ़ाकर 53 अरब कर दिया है।
खराब सड़कों की मरम्मत एवं खुले नालों को ढंकने पर जोर
कार्यकारिणी बैठक के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में पत्रकारों को बताया कि शहर की खराब सड़कों की मरम्मत और खुले नालों को ढंकने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए बजट बढ़ाया गया है। 14 कल्याण मंडपों की मरम्मत के लिए भी बजट बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि जिन सरकारी जमीनों से अवैध कब्जे हटाकर खाली कराया जा रहा है वहां तारबाड़ की जगह बाउंड्री बनाकर मैरिज लॉन शुरू किये जाएंगे। वहां पर दो कमरे भी बनाए जाएंगे। फिर उनका संचालन निजी संस्थाओं को भी दिया जा सकेगा। इसके लिए 4.40 करोड़ के बजट को बढ़ाकर 16 करोड़ रुपये किया गया है। शहीद पथ के पास हरिहरपुर में मैरिज लॉन बनाने का काम शुरू भी करा दिया गया है।
भाजपा पार्षद दल उपनेता और मुख्य सचेतक की मांग खारिज
भाजपा पार्षद दल उपनेता मुन्ना मिश्रा और मुख्य सचेतक मुकेश सिंह मोंटी ने मंगलवार को महापौर को पत्र लिखकर आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सड़कों की मरम्मत के लिए हर वार्ड में 70-70 लाख रुपये का बजट जारी करने की मांग की थी। इस मांग को बैठक में भाजपा के दो कार्यकारिणी सदस्यों ने उठाया लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। इसे महापौर और भाजपा के कुछ पार्षदों के बीच चल रहे मनमुटाव से जोड़ा जा रहा है।
इन प्रमुख मदों में हुई बढ़ोतरी

  • कचरा प्रबंधन पर बजट 300 करोड़ से बढ़ाकर 330 करोड़
  • स्ट्रीट लाइट के नए कार्यों का बजट 7 करोड़ से 10 करोड़
  • स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का बजट 6 करोड़ से 11 करोड़
  • खराब सड़कों के पैच वर्क का बजट 10 करोड़ से 30 करोड़
  • नई सड़क निर्माण का बजट 50 लाख से 2 करोड़
  • सड़कों की मरम्मत व नवीनीकरण का बजट 271 करोड़ से बढ़ाकर 326 करोड़
  • नाला, पुलिया, क्रासिंग आदि की मरम्मत का बजट 30 करोड़ से 50 करोड़
  • बाढ़ पपिंग स्टेशनों की मरम्मत का बजट 5 करोड़ से 7 करोड़
  • मल्टीलेवल पार्किंग में लिफ्ट, सीसीटीवी व अन्य कार्यों के लिए बजट 30 लाख से 4 करोड़
  • सीएम ग्रिड योजना में बन रही सड़कों में अंशदान का बजट 20 से 40 करोड़
  • सरकारी जमीनों की सुरक्षा के दीवार बनाने और मैरिल लॉन बनाने का बजट 10 से 20 करोड़

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com