Tuesday , October 13 2026

India के खिलाफ मैच से बाहर हुए Raphinha इलाज के लिए लौटेंगे Barcelona

राफिन्हा के लिए ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के साथ मौजूदा दौरा चोट के कारण समय से पहले खत्म हो गया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मंगलवार को 4-2 की जीत के दौरान जांघ में परेशानी के बाद उन्हें भारत के खिलाफ शनिवार को होने वाले मुकाबले से बाहर कर दिया गया है। अब वह आगे की जांच और इलाज के लिए बार्सिलोना लौटेंगे। ब्राजील फुटबॉल फेडरेशन ने बुधवार को बताया कि राफिन्हा की दाहिनी जांघ के पिछले हिस्से में हल्की मांसपेशीय सूजन पाई गई है। फेडरेशन ने सावधानी बरतते हुए उन्हें राष्ट्रीय टीम से रिलीज करने का फैसला किया है। उनकी जगह किसी दूसरे खिलाड़ी को टीम में शामिल नहीं किया गया है। मौजूद जानकारी के अनुसार, राफिन्हा स्पेन लौटने के बाद बार्सिलोना के चिकित्सकों की निगरानी में रहेंगे और उनकी कुछ और जांच की जाएगी। शुरुआती जानकारी में चोट गंभीर नहीं मानी जा रही है, लेकिन बार्सिलोना इस मामले में कोई जोखिम नहीं लेना चाहता है गौरतलब है कि चोट का स्थान बार्सिलोना के लिए चिंता का कारण है। पिछले सीजन में राफिन्हा को दाहिने पैर की मांसपेशियों में कई बार परेशानी हुई थी। इसके चलते उन्होंने 2025-26 सीजन में क्लब और देश के लिए कुल 25 मुकाबले नहीं खेले थे। इसलिए इस बार टीम उनके ठीक होने की प्रक्रिया को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रही है। राफिन्हा ने मौजूदा सीजन की शुरुआत हालांकि शानदार अंदाज में की है। बार्सिलोना के मुख्य कोच हांसी फ्लिक ने उन्हें इस सीजन में मुख्य रूप से 9 नंबर के खिलाड़ी के रूप में इस्तेमाल किया है। इसका असर उनकी गोल करने की क्षमता पर भी दिखाई दिया है। वह क्लब के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 8 मुकाबलों में 14 गोल कर चुके हैं। ब्राजील की टीम के लिए भी राफिन्हा अच्छी लय में चल रहे थे। पिछले सप्ताह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-1 से बराबर रहे मुकाबले में उन्होंने एक गोल बनाने में मदद की थी और पूरे 90 मिनट मैदान पर रहे थे। इसके बाद मंगलवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4-2 की जीत में उन्होंने पेनल्टी पर गोल किया, लेकिन पहले हाफ के बाद उन्हें मैदान से बाहर कर दिया गया। अब राफिन्हा शनिवार को भारत के खिलाफ ब्राजील के मुकाबले का हिस्सा नहीं होंगे। ब्राजील ने उनकी जगह किसी खिलाड़ी को नहीं बुलाया है। इससे साफ है कि टीम उनकी चोट को देखते हुए उन्हें आराम देने और जल्द स्वस्थ करने पर ध्यान दे रही है। बता दें कि बार्सिलोना का अगला मुकाबला 10 अक्टूबर को स्पेन की घरेलू लीग में गेटाफे के खिलाफ होना है। इसके बाद टीम को अक्टूबर में गैलातासराय, पेरिस सेंट-जर्मेन और रियल मैड्रिड जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ भी मुकाबले खेलने हैं। ऐसे व्यस्त कार्यक्रम को देखते हुए बार्सिलोना के लिए राफिन्हा की फिटनेस अहम है। फिलहाल उनकी चोट की गंभीरता और वापसी का सही समय आगे होने वाली चिकित्सकीय जांच के बाद ही साफ होगा। बार्सिलोना की कोशिश होगी कि राफिन्हा पूरी तरह फिट होकर ही मैदान पर लौटें।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com