Monday , September 28 2026

23 की उम्र में शहादत… अब युवाओं से CM योगी की अपील, ‘किताबों को बनाएं अपना दोस्त’

अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। इसमें उन्होंने भगत सिंह के बलिदान और उनके अध्ययनशील जीवन को याद करते हुए युवाओं से उनके विचारों और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को ज्ञान से जोड़ने के साथ सामाजिक बुराइयों से मुक्ति के लिए भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
Bhagat Singh Jayanti: 23 साल की उम्र में देश के लिए कर दिया सर्वस्व न्योछावर
मुख्यमंत्री ने पाती में लिखा कि भगत सिंह ने महज 23 साल की उम्र में मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़े भारत को स्वतंत्र कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनका जीवन युवाओं को साहस, राष्ट्रनिष्ठा और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।
जाति-पाति और नशे की बेड़ियों से निकलने का संदेश
‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने आज की सामाजिक चुनौतियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जाति-पाति, नशा और दूसरी सामाजिक बुराइयों की बेड़ियों से मुक्ति के लिए भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेने की जरूरत है।
चार भाषाओं के ज्ञाता थे भगत सिंह
मुख्यमंत्री ने भगत सिंह के अध्ययनशील व्यक्तित्व को भी युवाओं के सामने रखा। उन्होंने लिखा कि भगत सिंह अध्येता थे और हिंदी, उर्दू, पंजाबी तथा अंग्रेजी सहित कई भाषाओं के ज्ञाता थे। योगी ने युवाओं से उनके जीवन से ज्ञान को शक्ति बनाने, सीखने की ललक बनाए रखने और अपने संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा लेने की अपील की।
ज्ञान के साथ कौशल जरूरी, योजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है, तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, उद्यम और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। पाती में उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का जिक्र करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए उद्यम स्थापित करने और रोजगार सृजित करने तथा स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को प्रोत्साहन दिए जाने की बात कही।
हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी
योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से प्रदेश में उपलब्ध ज्ञान के संसाधनों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर प्रत्येक जनपद में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं, ताकि युवाओं के लिए ज्ञान तक पहुंच आसान हो सके।
‘एक किताब नया विचार जगा सकती है’
मुख्यमंत्री ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सवाल पूछने, नए विचारों को जानने और अपनी जिज्ञासा को लगातार जीवित रखने की जरूरत है।
पाती में उन्होंने लिखा कि एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार जगा सकती है और एक नया विचार पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com