Friday , September 18 2026

PM मोदी के जन्मदिन का जश्न : लखनऊ में CM योगी ने जलाए ‘आशीर्वाद के दीये’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित प्रेरणा स्थल पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ प्रदेश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान उन्होंने प्रेरणा स्थल पर मौजूद छात्रों से संवाद किया, मोबाइल से वीडियो बनाया और उन्हें चॉकलेट भी दी।
करोड़ों दीपों से सकारात्मक ऊर्जा का संदेश
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही भगवान विश्वकर्मा जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में देश विकसित भारत की संकल्पना की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जन्मदिन पर देशभर में करोड़ों दीप सकारात्मक भाव और ऊर्जा के साथ प्रज्ज्वलित हो रहे हैं। प्रेरणा स्थल के अलावा प्रदेश के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों और लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में भी दीप जलाए जा रहे हैं।
‘नए भारत के शिल्पी हैं प्रधानमंत्री मोदी’
योगी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के शिल्पी हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नए भारत के शिल्पी हैं। उनके अनुसार पिछले 12 वर्षों में देश ने नई पहचान बनाई है और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर व तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा को प्रधानमंत्री नेतृत्व दे रहे हैं और आत्मनिर्भर व विकसित भारत की संकल्पना के साथ उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता उनके साथ खड़ी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सांसद बृजलाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. लालजी निर्मल व डॉ. अविनाश सिंह, विधायक डॉ. नीरज बोरा और भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com