Wednesday , September 9 2026

Anmol Ekka Masterclass: India Hockey Team ने Chinese Taipei को हरा Pool A में किया Top

कप्तान अनमोल इक्का ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए छह गोल किए जिससे मौजूदा चैंपियन भारत ने बुधवार को यहां चीनी ताइपे को 15-0 से करारी शिकस्त देकर जूनियर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह पक्की की। अनमोल ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में बदलने के अपने कौशल का शानदार नमूना पेश किया। भारतीय टीम पहले क्वार्टर में गोल नहीं कर पाई थी लेकिन इसके बाद उसने शानदार खेल दिखाया और दनादन गोल दागे। पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम ने तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ पूल ए में 10 अंक के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। दक्षिण कोरिया ने जापान को 3-2 से हराकर नौ अंक के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई। जापान, इंडोनेशिया और चीनी ताइपे खिताब की दौड़ से बाहर हो गए हैं और अब वे वर्गीकरण मैचों में खेलेंगे। भारत ने पहले क्वार्टर में गेंद पर कब्जा बनाए रखा लेकिन वह ताइपे की रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रहे। भारत ने दूसरे क्वार्टर में पांच मिनट के अंदर तीन गोल किए। आर्यन ज़ेस ने 17वें मिनट में भारत का खाता खोला, जिसके एक मिनट बाद ही प्रभदीप सिंह ने बढ़त को दोगुना कर दिया। फिर गुरसेवक सिंह ने 22वें मिनट में तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। अनमोल ने 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपना पहला गोल किया। अर्जुन संतोष हरगुडे ने 28वें मिनट में गोल दागा, जबकि अगले ही मिनट अनमोल ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला। इस तरह से भारत ने हाफ टाइम तक 6-0 की बढ़त बना ली थी। भारत ने इसके बाद भी आक्रामक रवैया अपनाया तथा तीसरे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनट के भीतर दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। अनमोल ने इन दोनों को गोल में बदलने में किसी तरह की गलती नहीं की। अजीत यादव ने भी 35वें मिनट में गोल करके स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज कराया, जबकि अनमोल ने गोल करने का अपना सिलसिला जारी रखा। उन्होंने 45वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर मैच का अपना पांचवां गोल किया और तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारत को 10-0 से आगे कर दिया। भारतीय टीम ने अंतिम 15 मिनटों में भी मनमाफिक गोल किए। हरपाल ने 48वें मिनट में मैदानी गोल दागा जिसके बाद अनमोल ने 51वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना छठा गोल किया। इसके बाद हरपाल ने अपना दूसरा गोल दागा, वहीं आर्यन ज़ेस ने दो गोल किए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com