Saturday , September 5 2026

तीन दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 334 अंक चढ़ा; निफ्टी 24 हजार के पार

घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीन कारोबारी सत्रों की गिरावट के बाद गुरुवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 334.16 अंक यानी 0.44 प्रतिशत बढ़कर 76,904.51 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 95.45 अंक की बढ़त के साथ 24,009.90 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में शुरुआती कारोबार के दौरान टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, इटर्नल, लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर सबसे अधिक मुनाफे में रहे।
इन शेयरों में दिखी गिरावट
बाजार की तेजी के बावजूद कुछ प्रमुख शेयर दबाव में रहे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, बजाज फाइनेंस, टाइटन, इंडिगो, सन फार्मास्युटिकल्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।
एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का एसएसई कम्पोजिट और जापान का निक्की 225 बढ़त में रहे। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।
इससे पहले अमेरिकी बाजार बुधवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
कच्चे तेल की कीमत में मामूली गिरावट
अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट कच्चा तेल 0.17 प्रतिशत गिरकर 95.47 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार की धारणा पर भी पड़ता है।
एफआईआई और डीआईआई ने की जमकर खरीदारी
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को शुद्ध रूप से 6,688.37 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी बाजार में खरीदारी जारी रखते हुए 2,812.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बुधवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 373.93 अंक और निफ्टी 141.35 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए थे। ऐसे में गुरुवार की शुरुआती तेजी से निवेशकों को कुछ राहत मिली है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com