Tuesday , September 1 2026

शुरुआती कारोबार में Sensex 226 अंक और Nifty 120 अंक गिरा, वैश्विक बाजार में कमजोरी का दिखा असर

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी आने के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की निकासी से भी शुरुआती कारोबार के दौरान निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 226.60 अंक टूटकर 77,028.56 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 120.40 अंक फिसलकर 24,053.55 अंक पर रहा। सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाइटन के शेयर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक का शेयर दो प्रतिशत से अधिक चढ़ा। कोटक महिंद्रा बैंक और भारती एयरटेल के शेयर में भी बढ़त दर्ज की गई। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का भाव वायदा कारोबार में 2.33 प्रतिशत बढ़कर 90.19 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,039.80 करोड़ रुपये के शेयर की शुद्ध बिकवाली की। सेंसेक्स शुक्रवार को 330.92 अंक और निफ्टी 84.80 अंक चढ़कर बंद हुआ था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com