Friday , August 7 2026

आजादी के दिन टीम इंडिया के नाम जुड़ेंगे नया रिकॉर्ड, 600 वां टेस्ट खेलने वाला तीसरा देश होगा भारत

भारतीय क्रिकेट के लिए 15 अगस्त का दिन बेहद खास होने जा रहा है। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहला टेस्ट खेलने उतरेगी, तो यह मुकाबला भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ देगा। भारत 15 अगस्त को अपना 600वां टेस्ट मैच खेलेगा। अब तक दुनिया में सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही 600 से अधिक टेस्ट मैच खेल चुके हैं। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के साथ भारत इस खास क्लब में शामिल हो जाएगा।
1932 में शुरू हुआ था भारत का टेस्ट सफर
भारतीय टीम ने अपना पहला टेस्ट मैच 1932 में खेला था। उस समय टीम की कप्तानी सीके नायडू के हाथों में थी। इसके बाद भारतीय क्रिकेट ने लंबा सफर तय किया और अब टीम 599 टेस्ट मुकाबले पूरे कर चुकी है। करीब नौ दशक के इस सफर में भारत को कई दिग्गज कप्तानों ने नेतृत्व दिया। अब शुभमन गिल की कप्तानी में 600वें टेस्ट का अध्याय भारतीय क्रिकेट के इतिहास में दर्ज होने जा रहा है।
इंग्लैंड सबसे आगे, ऑस्ट्रेलिया दूसरे नंबर पर
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाली टीम इंग्लैंड है। इंग्लैंड ने अब तक 1097 टेस्ट मैच खेले हैं। उसने अपना पहला टेस्ट 1877 में खेला था। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया ने भी 1877 में अपना पहला टेस्ट खेला था और अब तक 882 टेस्ट मैच खेल चुका है। भारत अब 600 टेस्ट खेलने वाली दुनिया की तीसरी टीम बनने जा रहा है।
भारत का टेस्ट रिकॉर्ड कैसा रहा?
1932 से अब तक भारतीय टीम ने कुल 599 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें भारत ने 186 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 188 टेस्ट में उसे हार मिली है।
भारत के 224 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं, जबकि एक मुकाबला टाई पर समाप्त हुआ है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत होगी भिड़ंत
भारत और श्रीलंका के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के तहत खेली जाएगी। इसलिए 600वें टेस्ट का ऐतिहासिक महत्व होने के साथ ही मुकाबले का क्रिकेट के लिहाज से भी काफी महत्व रहेगा। 15 अगस्त को आजादी की वर्षगांठ के दिन गॉल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे। पांच दिन तक चलने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया अपने ऐतिहासिक 600वें टेस्ट को यादगार जीत में बदलने की कोशिश करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com