Saturday , June 6 2026

मथुरा रोड का सफर होगा महंगा, देवचरा-कछला में बन रहे टोल प्लाजा

बिनावर कट से गंगा एक्सप्रेस वे और बदायूं जाने वाले वाहनों को अगली साल से देवचरा के पास टोल टैक्स भरना होगा। बरेली से मथुरा का सफर भी महंगा होने जा रहा है। देवचरा के साथ कछला के पास भी टोल प्लाजा का निर्माण शुरू हो गया है। वाहन चालकों को अगले साल से दोनों टोल प्लाजा पर जेब ढीली करनी होगी।
कासगंज तक सड़क चकाचक
एनएचएआई के अनुसार, 228 किलोमीटर लंबे बरेली-मथुरा नेशनल हाईवे को वर्ष 2027 तक पूरी तरह तैयार करने का लक्ष्य है। करीब 7,700 करोड़ रुपये की इस भारी-भरकम और महत्वाकांक्षी परियोजना का काम कुल तीन चरणों में बांटा गया है। इसमें मथुरा से कासगंज तक का हिस्सा पहले ही चकाचक हो चुका है, जबकि कासगंज से बदायूं के बीच भी 80 फीसदी से ज्यादा निर्माण पूरा कर लिया गया है। आखिरी फेज में बरेली से बदायूं के बीच काम चल रहा है।
30 प्रतिशत तक काम हुआ पूरा
इस फेज में करीब 30 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बरेली में देवचरा के अलावा बदायूं के कछला में भी एक टोल बनाया जा रहा है। ऐसे में अब तक पूरी तरह मुफ्त रहने वाले इस रूट पर अगले साल से वाहन चालकों को जहां दो जगहों पर अपनी जेब ढीली करनी होगी। इस नए टोल प्लाजा के चालू होते ही बरेलीवासी भी चारों तरफ से ”टोल ”चक्रव्यूह” के दायरे में आ जाएंगे। स्थानीय लोगों के साथ और बाहरी वाहन चालकों के लिए भी इधर आना -जाना महंगा साबित होने जा रहा है।
चारों तरफ झेलनी होगी टोल की टेंशन
अभी तक बरेली के लोग अभी दिल्ली रोड पर फतेहगंज पश्चिमी, नैनीताल रोड पर भोजीपुरा और लखनऊ हाईवे पर फरीदपुर और पीलीभीत रोड पर रिठौरा में बने टोल प्लाजा पर टोल टैक्स दे रहे हैं। फरीदपुर में टोल प्लाजा तीन साल पहले शुरू हुआ है, जबकि पीलीभीत रोड पर हाफिजगंज और रिठौरा के बीच खाईखेड़ा में टोल प्लाजा का निर्माण एनएचएआई ने दो साल पहले शुरू कराया था। अब बदायूं रोड पर देवचरा में नया टोल बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके चालू होते ही चौतरफा घेराबंदी हो जाएगी।
आम जनता और कारोबारियों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
चौतरफा टोल प्लाजा के इस जाल से न सिर्फ आम जनता बल्कि बरेली के व्यापारियों और रोजाना अप-डाउन करने वाले नौकरीपेशा लोगों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ना तय है। मथुरा, बदायूं, कासगंज और हाथरस जैसे बड़े व्यापारिक केंद्रों से बरेली का सीधा संपर्क होने के कारण इस रूट पर मालवाहक गाड़ियों और वाणिज्यिक वाहनों का भारी दबाव रहता है।
2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
परियोजना निदेशक, एनएचएआई, बदायूं डिवीजन उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि बरेली-मथुरा हाईवे के आखिरी चरण में बदायूं से बरेली के बीच सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। इसके तहत बरेली के देवचरा और बदायूं के कछला में टोल प्लाजा के लिए जगह तय कर निर्माण शुरू कर दिया गया है। इस पूरी परियोजना को वर्ष 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com