Saturday , April 11 2026

मीनाक्षी की फाइनल में धमाकेदार एंट्री, गोल्ड पर नज़रें, हंसिका-नेहा ने जीता कांस्य

हंसिका लांबा और नेहा ने सीनियर एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में बृहस्पतिवार को भारत के लिए महिला वर्ग में क्रमशः 55 किग्रा और 59 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीते, जबकि दो बार की राष्ट्रीय चैंपियन मीनाक्षी गोयत ने दक्षिण कोरिया की सियोयंग पार्क को हराकर 53 किग्रा वर्ग के फाइनल में प्रवेश किया। हंसिका ने महिला 55 किग्रा कांस्य पदक मुकाबले में किर्गिस्तान की अरूके कादिरबेक किजी के खिलाफ पहले राउंड में सतर्क खेल दिखाया। दूसरे राउंड के पहले ही मिनट में पैर पर आक्रमण के जरिए उन्होंने अंक हासिल किया और अंततः 6-1 से जीत दर्ज की। नेहा ने महिला 59 किग्रा कांस्य पदक मुकाबले मेंमंगोलिया की बोलोरतुया खुरेल्खू को 10-4 से हराकर भारत के पदकों की संख्या सात तक पहुंचा दी। पुरुष ग्रेको-रोमन पहलवानों ने प्रतियोगिता के पहले तीन दिनों में दो रजत और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए थे। मीनाक्षी ने 53 किग्रा वर्ग में विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल को हराकर भारतीय टीम में जगह बनाई थी। वह बृहस्पतिवार को आखिरी 30 सेकंड तक 0-2 से पिछड़ रही थीं, लेकिन 25 वर्षीय पहलवान ने चार अंक वाले थ्रो के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी को चौंकाया और फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में उनका सामना चीन की जिन झांग से होगा, जिन्होंने जापान की मोए कियूक्का को पटखनी दी। हर्षिता (72 किग्रा) और मोनिका (65 किग्रा) शुक्रवार को कांस्य पदक के लिए भिड़ेंगी। हर्षिता सेमीफाइनल में जापान की 2024 एशियाई चैंपियन माहिरो योशिटाके से 2-7 से हार गई थीं। अब वह कांस्य पदक के लिए उज्बेकिस्तान की सेविंचॉय पोल्वोनोवा से मुकाबला करेंगी। महिला 65 किग्रा वर्ग में मोनिका क्वार्टर फाइनल में जापान की नाना इकेहाता से हार गई थीं। इकेहाता के फाइनल में पहुंचने से मोनिका को अब कांस्य पदक जीतने का मौका मिलेगा। वह कांस्य पदक के लिए कोरिया की हानबिट ली से भिड़ेंगी। इसके अलावा, मीनाक्षी (57 किग्रा) और मानसी (62 किग्रा) को रिपेचेज दौर के जरिए कांस्य पदक जीतने का अवसर मिलेगा। शुक्रवार को मीनाक्षी (57 किग्रा) का सामना किर्गिस्तान की तानचोलपोन किबालबेकोवा से और मानसी का सामना मंगोलिया की त्सेरेनचिमेद सुई से होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com