Thursday , April 2 2026

लखनऊ में मरी माता मंदिर तक बनेगी 4 लेन सड़क, ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत 32 करोड़ की स्वीकृति

राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुगम और आधुनिक बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर तक प्रस्तावित ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को मंजूरी देते हुए 4 लेन सड़क निर्माण के लिए 32.52 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सोमवार को जारी शासनादेश के अनुसार, परियोजना के लिए प्रथम चरण में 11.38 करोड़ रुपये (1138.20 लाख रुपये) जारी किए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जा सके। सरकार ने इस परियोजना को 18 माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण से शहर के प्रमुख इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ट्रैफिक दबाव में कमी आएगी। खासकर व्यस्त मार्गों पर जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। परियोजना के तहत सड़क निर्माण भारतीय सड़क कांग्रेस (आईआरसी) और लोक निर्माण विभाग के मानकों के अनुरूप किया जाएगा, जिससे गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। शासन ने निर्माण एजेंसी के रूप में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि मुख्य नगर एवं ग्राम नियोजक को नोडल एजेंसी बनाया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक तकनीकी स्वीकृतियां और पर्यावरणीय मंजूरी प्राप्त की जाए। शासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परियोजना की लागत या डिजाइन में बिना पूर्व अनुमति कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। तय समयसीमा में कार्य पूरा करना संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी होगी। यह परियोजना लखनऊ के शहरी ढांचे को मजबूत करने के साथ भविष्य की यातायात जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और शहर में सुगम, सुरक्षित व तेज आवागमन सुनिश्चित करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com