Saturday , March 28 2026

उद्घाटन के मौके पर बोले सीएम योगी- जेवर एयरपोर्ट से यूपी को मिलेगी नई पहचान और रफ्तार

उत्तर प्रदेश के जेवर में आज देश के एविएशन सेक्टर को नई ऊंचाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह एयरपोर्ट ‘नए भारत’ की बदलती तस्वीर का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट से यूपी को नई पहचान और रफ्तार मिलेगी। उन्होंने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को वैश्विक कनेक्टिविटी के साथ विकास की नई दिशा देगा और प्रदेश को निवेश के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने पिछले एक दशक में केंद्र सरकार की नीतियों का जिक्र करते हुए कहा कि योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें जमीन पर उतारकर परिणाम भी दिए गए। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों और आपूर्ति को लेकर केंद्र सरकार के फैसलों को उल्लेखनीय बताते हुए कहा कि वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत में कीमतों को नियंत्रित रखना और सप्लाई चेन को सुचारु बनाए रखना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जिन हालातों में उत्तर प्रदेश विकास की दौड़ में पिछड़ गया था, आज वही प्रदेश तेजी से आगे बढ़ते हुए नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, बीते वर्षों में कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में सुधार ने राज्य को निवेश के लिए अनुकूल बनाया है। योगी ने यह भी बताया कि इस परियोजना का शिलान्यास नवंबर 2021 में हुआ था और अब पहले चरण का उद्घाटन हो चुका है, जो ‘डबल इंजन’ सरकार की तेज कार्यशैली को दर्शाता है-जहां योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी होती हैं। रामनवमी के उत्सव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में जहां एक ओर सांस्कृतिक उल्लास है, वहीं वैश्विक स्तर पर कई देशों में आर्थिक चुनौतियां देखी जा रही हैं। इसके बावजूद भारत ने स्थिरता और संतुलन बनाए रखा है, जो केंद्र की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के विकास की धुरी साबित होगा और रोजगार व निवेश के नए अवसर पैदा करेगा। मुख्यमंत्री ने जेवर एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश को ग्लोबल कनेक्टिविटी का एक केंद्र बनाते हुए कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे और भविष्य में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल वे, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस, दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल लाइन जैसे नेटवर्क को जोड़ते हुए प्रदेश को स्केल, स्पीड के साथ विकास की एक नई ऊंचाई तक ले जाने का कार्य भी करेगा। उन्होंने कहा कि नोएडा एयरपोर्ट परियोजना के माध्यम से लाखों नौजवानों के लिए रोजगार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सृजित होंगे। योगी ने कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे, नोएडा, ग्रेटर नोएडा में व्यापक निवेश की संभावनाओं ने अभी से प्रस्ताव देने प्रारंभ कर दिए हैं। अभी पिछले दिनों ही आपने इसी एयरपोर्ट के पास सेमीकंडक्टर चिप बनाने की एक यूनिट की आधारशिला रखी थी। इसके साथ ही यहां पर अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के निर्माण की प्रक्रिया को भी आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के अंदर जो पोटेंशियल था, उस पोटेंशियल को आज इस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और इसके साथ जुड़ रही तमाम प्रकार की सुविधाए एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेंगी। योगी ने कहा कि सीमलेस, स्मार्ट एंड सस्टेनेबल एयरपोर्ट, एविएशन फ्यूल फॉर्म, इनलाइट किचन फैसिलिटी, एमआरओ के साथ ही आधुनिक डिजिटल और ऊर्जा संरक्षण पर केंद्रित ‘ईज़ ऑफ जर्नी’ की संकल्पना को आपके मार्गदर्शन में आज यह एयरपोर्ट साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डेडिकेटेड मल्टी-मॉडल कार्गो हब का निर्माण होने से अब उत्तर प्रदेश लैंड लॉक्ड की लिमिटेशन से बाहर निकलकर एक लैंडमार्क ग्रोथ के साथ ग्लोबल मार्केट तक अपनी पहुंच को आसान बनाने में सफल होगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com