ब्लॉक बनीकोडर के बाबा रामसनेही सभागार में क्षेत्र पंचायत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख उर्मिला देवी ने की। बैठक में विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर विचार-विमर्श हुआ। ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। गो आश्रय स्थलों में पशुओं की बेहतर देखभाल, मनरेगा के तहत रोजगार सृजन और विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजना के प्रस्तावों पर भी चर्चा कर आगे की प्रक्रिया तय की गई। खंड विकास अधिकारी डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि आवास योजनाओं से हजारों पात्र लाभार्थी लाभान्वित हो चुके हैं और आगे भी पारदर्शिता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा। बैठक के अंत में सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal