महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भारत को ‘पूरी तरह से जीत का हकदार’ बताया जबकि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने उन्हें ‘सीमित ओवरों की सर्वश्रेष्ठ टीम’ का तमगा किया। क्रिकेट जगत ने इस तरह से भारतीय टीम की ऐतिहासिक तीसरी टी20 विश्व कप खिताबी जीत को सराहा। बल्ले से अपना बेजोड़ प्रदर्शन
जारी रखते हुए भारत ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रन से करारी शिकस्त दी और तीन बार टी20 विश्व कप जीतने वाली तथा खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली पहली टीम बन गई। तेंदुलकर ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की और मुंबई में अपने घर के बाहर जश्न की एक झलक साझा की।
तेंदुलकर ने लिखा, ”लगातार दो बार विश्व कप जीतना, पहली बार किसी टीम ने टी20 प्रारूप में ऐसा किया है। ट्रॉफी के पूरी तरह से हकदार। हमारी टीम ने क्या शानदार प्रदर्शन किया और क्रिकेट का एक खास ब्रांड दिखा। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया। जय हिंद!” उन्होंने लिखा, ”अपने घर के बाहर और पूरे देश में हो रहे जश्न
को देखने के लिए मुंबई में नहीं हूं। क्या शानदार शाम रही। कमाल का काम किया टीम इंडिया।” भारत की 2024 की जीत के बाद इस प्रारूप से संन्यास लेने वाले पूर्व कप्तान विराट कोहली ने टीम के जज्बे और दबदबे की तारीफ की। कोहली ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”अहमदाबाद में टीम इंडिया की जबरदस्त जीत। पूरे
टूर्नामेंट में हमारे खेले गए जबरदस्त क्रिकेट का कोई मुकाबला नहीं था। मुश्किल हालात में लड़ते रहने और एक बार फिर विश्व चैंपियन बनने के लिए लड़कों ने शानदार जज्बा दिखाया।” उन्होंने लिखा, ”यह कामयाबी हासिल करने के लिए सभी खिलाड़ियों और प्रबंधन के सभी सदस्यों को बधाई।” आईसीसी चेयरमैन जय शाह
ने भी न्यूजीलैंड के फाइनल तक पहुंचने की तारीफ करते हुए इतिहास रचने के लिए टीम को बधाई दी। शाह ने लिखा, ”अब तक के सबसे वैश्विक और सुगम आईसीसी टूर्नामेंट का क्या शानदान फाइनल था! भारत को बधाई जो लगातार दो टी20 विश्व कप खिताब जीतने वाली पहली टीम बना। सूर्यकुमार यादव और पूरी टीम
और स्टाफ को बधाई। न्यूजीलैंड को भी उनके शानदार अभियान के लिए बधाई।” भारत के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने कहा कि यह जीत हर स्तर पर भारतीय क्रिकेट की ताकत दिखाती है। गांगुली ने पोस्ट किया, ”टी20 विश्व कप जीतने के लिए भारत को बधाई… बहुत मजबूत
टीम… बड़े मुकाबलों में बेहतर हुई… भारतीय क्रिकेट शानदार जगह पर है। महिला चैंपियन, अंडर-19 चैंपियन और अब पुरुष टी20 चैंपियन।” वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और मौजूदा मुख्य कोच डेरेन सैमी ने कहा कि पूरे टूर्नामेंट में भारत को हराना मुश्किल था। सुपर आठ में भारत के खिलाफ हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हुई
वेस्टइंडीज के मुख्य कोच सैमी ने लिखा, ”जैसा कि मैं पहले दिन से कह रहा था। आईसीसी टी20 विश्व कप जीतने के लिए आपको भारत को नॉकआउट में हराना होगा। किसी भी टीम ने ऐसा नहीं किया। बीसीसीआई को उनके तीसरे विश्व टी20 खिताब के लिए बधाई। न्यूजीलैंड को सांत्वना (बेहद निरंतर प्रदर्शन करने वाली
टीम)।” इंग्लैंड के पूर्व कप्तान वॉन ने भारत को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सफेद गेंद की टीम बताया। वॉन ने लिखा, ”भारत सर्वश्रेष्ठ टी20 टीम है.. साथ ही सर्वश्रेष्ठ 50 ओवर की टीम भी है.. सफेद गेंद के क्रिकेट में उन्हें रोकना मुश्किल होगा। उन्होंने खेल को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है।” वॉन ने जसप्रीत बुमराह को टूर्नामेंट
का अपना सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना। हालांकि संजू सैमसन को वेस्टइंडीज के खिलाफ लगभग क्वार्टर फाइनल जैसे सुपर आठ मुकाबले, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल और फाइनल में अपने तीन महत्वपूर्ण अर्धशतक के लिए टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स ने लिखा, ”भारत
की शानदार जीत, ट्रॉफी घर ले जाने के लिए बधाई।” भारतीय टेस्ट और एकदिवसीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने भी टीम की सराहना करते हुए लिखा, ”अपनी टीम पर बहुत गर्व है। भारत के लिए विश्व कप जीतना सपना है और आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। बधाई हो।” भारत की विश्व कप 2011 की खिताबी
जीत के नायक युवराज सिंह ने टीम के जज्बे की तारीफ की। युवराज ने लिखा, ”विश्व कप खिताब का बचाव करने के लिए जज्बा चाहिए और सूर्यकुमार की अगुआई वाली इस टीम ने सबसे बड़े मंच पर असली जज्बे के साथ खेला।” युवराज ने फाइनल और पूरे टूर्नामेंट में प्रदर्शन के लिए कई खिलाड़ियों की तारीफ भी की।
उन्होंने लिखा, ”संजू ने मौके मिलने पर फिर से दिखाया कि वह मैच विजेता क्यों हैं। ईशान ने शुरू से आखिर तक निरंतर प्रदर्शन किया और भारत की जीत में उनकी भूमिका अच्छा रही।” उन्होंने संजू सैमसन और इशान किशन की तारीफ करते हुए कहा कि अभिषेक शर्मा ‘फाइनल में शानदार’ थे। तेज गेंदबाज जसप्रीत
बुमराह की तारीफ करते हुए युवराज ने लिखा, ”यह बेहद में खास था, हालात जितने मुश्किल होते गए वह उतना ही बेहतर होते गए।” भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने लिखा, ”पूरा दबदबा, बहुत बढ़िया टीम इंडिया… अपनी टीम पर बहुत गर्व है।” भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने
लिखा, ”इतिहास दोहराया गया। इतिहास को हराया गया। इतिहास बनाया गया।” भारत की पूर्व महिला कप्तान झूलन गोस्वामी ने लिखा, ”वानखेड़े से यहां तक का क्या शानदार सफर रहा। टीम को इन दर्शकों के सामने ट्रॉफी उठाते देखना सच में जादू जैसा है। इस टीम ने इस शान का हर हिस्सा कमाया है!” अन्य खेलों से
जुड़ी हस्तियों ने भी बधाई दी। शतरंज ग्रैंडमास्टर विदित गुजराती ने लिखा, ”विश्व कप फाइनल लगभग 100 रन से जीतना! भारत के लिए खुशी है।” भारत के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने भी इस जीत पर दिल और भारत तिरंगे वाली इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal