Tuesday , February 24 2026

सिंगापुर में सीएम योगी ने गिनाईं UP सरकार की उपलब्धियां, निवेशकों को दिया आमंत्रण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगापुर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नौ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में अव्यवस्था, असुरक्षा और अराजकता की स्थिति थी, जो प्रदेश की पहचान बन चुकी थी। लेकिन बीते नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य ने विकास और सुशासन की नई दिशा पकड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश, जिसे वह “भारत की आत्मा का प्रदेश” बताते हैं, विकास और विरासत के अद्भुत संगम के रूप में उभर कर सामने आया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में दिल्ली में आयोजित एआई समिट में 20 देशों के राष्ट्राध्यक्षों और 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विकसित देशों के नेताओं ने नए भारत के निर्माण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की है। योगी ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए तेज और पारदर्शी मंजूरी की व्यवस्था लागू की गई है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ से अधिक आबादी वाला प्रदेश एक बड़ा उपभोक्ता बाजार प्रदान करता है। बेहतर कानून-व्यवस्था, मजबूत एक्सप्रेसवे नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी से दीर्घकालिक निवेशकों को विशेष लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के पास 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है और विभिन्न औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए गए हैं। इन क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहले बेटियां असुरक्षित महसूस करती थीं, वहीं अब महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी उद्योगों और कार्यालयों में कार्य कर रही हैं। अपने सिंगापुर दौरे का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे सुबह छह बजे ही पहुंच गए थे और साढ़े आठ बजे उच्चायुक्त के साथ बैठक तय हो गई। उन्होंने कहा कि दौरे का कार्यक्रम बेहद व्यस्त है और लगातार बैठकों का दौर जारी है। अंत में मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योगपतियों और निवेशकों को उत्तर प्रदेश आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनका हृदय से स्वागत करेगी और हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com