Tuesday , February 24 2026

जर्मनी की कंपनियों ने यूपी में निवेश का जताया भरोसा, केशव मौर्य ने फ्रैंकफर्ट में शीर्ष अधिकारियों से की बैठक

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में प्रदेश से गए प्रतिनिधिमंडल को जर्मनी दौरे के दौरान निवेश के मोर्चे पर सकारात्मक संकेत मिले हैं। सोमवार को फ्रैंकफर्ट में हुई बैठकों में जर्मनी की कई कंपनियों ने उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश और औद्योगिक सहयोग का भरोसा जताया। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी के औद्योगिक प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश में निवेश संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान ग्लोबल अफेयर्स एवं इकोनॉमिक्स, इंडो-पैसिफिक एवं चाइना अफेयर्स की वरिष्ठ प्रतिनिधि सिल्के सिक्टर और ईए इलेक्ट्रो ऑटोमेटिक जीएमबीएच के सीईओ मार्कस शाइबॉल से विशेष रूप से निवेश पर बातचीत हुई। दोनों पक्षों ने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। उप मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उत्तर प्रदेश की मजबूत होती अर्थव्यवस्था, बेहतर कानून-व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाला उत्तर प्रदेश भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य देश की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में तेजी से उभर रहा है। बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में भारत-जर्मनी सहयोग को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सीमेंस व एनएक्सपी जैसी अग्रणी कंपनियां पहले से ही भारत में निवेश कर रही हैं। जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार से मिल रहे सहयोग की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को उत्तर प्रदेश में दीर्घकालिक औद्योगिक सहयोग और निवेश का भरोसा दिलाया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com