Friday , April 17 2026

पंजाब के साहिल का बड़ा उलटफेर, Olympian परमजीत-अक्षदीप को पछाड़कर जीता Gold

पंजाब के खिलाड़ी साहिल ने ‘इंडियन ओपन रेस वॉक’ प्रतियोगिता के अंतिम दिन रविवार को यहां पुरुष हाफ मैराथन में अपने से अधिक चर्चित प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ते हुए स्वर्ण पदक जीता। मनोरम सुखना झील कोर्स पर रोमांचक मुकाबले में 24 वर्षीय साहिल ने तमिलनाडु के

अनुभवी सर्विन सेबेस्टियन की कड़ी चुनौती को पीछे छोड़ते हुए 21 किलोमीटर की दूरी को एक घंटा 25 मिनट 48 सेकंड में पूरा कर पहला स्थान हासिल किया। सेबेस्टियन ने 1:25:50.00 के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि हरियाणा के हरदीप ने 1:26:03.00 का समय

लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। पेरिस ओलंपियन परमजीत सिंह बिष्ट (उत्तराखंड) 1:26:07.00 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। बीस किमी पैदल चाल के ओलंपियन और राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक पंजाब के अक्षदीप सिंह सातवें स्थान पर रहे। उन्होंने 1:27:37.00 का समय

लिया। दिल्ली के एक अन्य प्रमुख एथलीट विकास सिंह 1:30:41.00 के समय के साथ 10वें स्थान पर रहे, जबकि उत्तराखंड के सूरज पंवार दौड़ पूरी नहीं कर सके। महिलाओं की 21 किमी स्पर्धा का खिताब हरियाणा की अनुभवी खिलाड़ी रवीना ने जीता। इस 29 वर्षीय खिलाड़ी ने

उत्तर प्रदेश की 24 वर्षीय मुनीता प्रजापति और उत्तराखंड की 23 वर्षीय मानसी नेगी को पछाड़ते हुए 1:39:15.00 के समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। मुनीता ने 1:39:26.00 के समय के साथ रजत पदक जीता, जबकि कांस्य पदक मानसी नेगी को 1:42:58.00 के समय के

साथ मिला। हाल ही में सीनियर वर्ग में कदम रखने वाली हरियाणा की उभरती किशोर एथलीट और विश्व अंडर-20 पदक विजेता आरती 1:43:15.00 के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं। अंडर-20 पुरुष और महिला वर्ग में भी मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। उत्तराखंड के तुषार पंवार

ने पुरुष अंडर-20 पांच किमी स्पर्धा में 19:59.00 का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और पिछले वर्ष बनाए अपने ही 20:07.00 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को बेहतर किया। महिला अंडर-20 पांच किमी स्पर्धा में राजस्थान की मनीषा ने 23:24.00 के समय के साथ पहला स्थान हासिल

किया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com