उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाएं आगामी 18 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। इसे नकलमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाखजी ने की, जिसमें बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि लखनऊ में कुल 121 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 120 सामान्य और एक आदर्श कारागार केंद्र शामिल है। इन केंद्रों पर कुल 1,03,088 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 51,097 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 25,675 छात्र और 26,232 छात्राएं हैं। वहीं, इंटरमीडिएट में 51,181 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जिनमें 25,340 छात्र और 25,841 छात्राएं हैं। परीक्षा को नकलमुक्त कराने के लिए मंडल स्तर पर चार सचल दल सक्रिय रहेंगे। जिले में 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी एसओपी का गंभीरता से अध्ययन कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal