Friday , February 13 2026

20 एकड़ में अर्बन पार्क गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज, शहर की पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी पार्क बनेगी आकर्षण का केंद्र

सीजी सिटी में कैंसर अस्पताल के पास ”अर्बन पार्क-द गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज” बनेगा। इस पार्क को ‘गार्डन ऑफ फाइव सेंसेज” के नाम से जाना जाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 20 एकड़ में विकसित किये जा रहे इस पार्क में शहर की पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी भी बनेगी। साथ ही एक एकड़ के विशाल क्षेत्रफल में वॉटर बॉडी और जॉगिंग ट्रैक के साथ स्पोर्ट्स एरीना भी होगा। गुरुवार को उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण करके पार्क को पांच सेंस थीम के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिये। बताया कि कैंसर अस्पताल के पास ग्रीन बेल्ट की जमीन पर 28 करोड़ रुपये की लागत से अर्बन पार्क विकसित किया जा रहा है। यहां शहर की पहली ग्रीन रूफ लाइब्रेरी की आकर्षक डिजाइन लोगों का ध्यान खींचेगी। पार्क में लगभग 600 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक एवं पाथ-वे बनेगा।
ओपन जिम और बच्चों के लिए किड्स-प्ले एरिया रहेगा, जिसमें आकर्षक झूले लगाये जाएंगे। स्पोर्ट्स एरीना में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट आदि सुविधा होगी। इसे पार्क के किनारे विकसित करेंगे ताकि बाहर से भी लोग सीधे प्रवेश कर सकें। अर्बन पार्क में एक एकड़ की वॉटर बॉडी किनारे फ्रैगरेंस गार्डेन होगा। इसके अलावा लगभग 300 लोगों की क्षमता का एम्फी थियेटर व फूड कोर्ट भी निर्मित किया जाएगा। यह पार्क पांच सेंस थीम पर आधारित होगा। इसके अंतर्गत पार्क में अलग-अलग यंत्र लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से बच्चे दृश्य, स्पर्श, ध्वनि, गंध एवं स्वाद आदि क्रियाओं को महसूस कर सकेंगे। इस मौके पर मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा व प्रभारी अधिकारी-अर्जन विपिन शिवहरे समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे।
इकाना स्टेडियम के पास मल्टीलेवल पार्किंग, 500 वाहन होंगे खड़े
उपाध्यक्ष ने सीजी सिटी में इकाना क्रिकेट स्टेडियम के पीछे फाइन डाइन योजना के भूखंडों के पास बन रही मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। कहा कि इस डबल बेसमेंट पार्किंग की छत पर ग्रीनरी रहेगी और हॉर्टीकल्चर कार्य हागे। मल्टीलेवल पार्किंग में एक बार में 500 से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। मीडियन पर फूलदार पौधे रोपित करने के निर्देश दिये हैं। इसके बाद इकाना स्टेडियम व वेटलैंड के पास सीजी सिटी योजना में जल निकासी के लिए लगभग 38 करोड़ से बन रहे डेढ़ किमी लंबे नाले का निरीक्षण किया। सुरक्षा के दृष्टिगत नाले को कवर्ड कराने के निर्देश दिये।
सीएसआई टावर की लिफ्ट खराब, संस्था पर कार्रवाई
उपाध्यक्ष ने अंत में सीजी सिटी स्थित सीएसआई टावर का निरीक्षण किया। टॉवर में फ्लैट व अन्य कराये गए कार्यों को बारीकी से देखा। टॉवरों में लगाई गईं लिफ्ट भी देखी। लिफ्ट के संचालन में गड़बड़ी पाई। इस पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को संस्था मेसर्स असलम आगा के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com