Thursday , February 12 2026

मंडलायुक्त ने फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का लिया जायजा, कहा- श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की न हो असुविधा

अयोध्या मंडल के मंडलायुक्त राजेश कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ प्रवीण कुमार एवं आईजी आयोध्या सोमन बर्मा ने मंगलवार को लोधेश्वर महादेवा मंदिर में चल रहे फाल्गुनी महाशिवरात्रि मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संपूर्ण मेला परिसर का भ्रमण किया और मंदिर के गर्भगृह तक जाने वाले मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग व होल्डअप व्यवस्था की मजबूती को परखा। मंदिर परिसर में बने महल के जर्जर छज्जे के नीचे लगी जाली के ऊपर मजबूत जाल लगवाने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त व एडीजी ने मंदिर के निकासी द्वार पर नाली के किनारे बने गड्ढे को ठीक कराने, बैरिकेडिंग के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन के खुले तारों व केबिल को दुरुस्त कराने तथा अभरण सरोवर पर बैरिकेडिंग, प्रकाश और सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा पानी की टंकी पर जाने वाली सीढ़ियों को बंद करने, दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर पानी व बालू रखने तथा मंदिर के मुख्य द्वार का रंग-रोगन कराने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मेले में आए श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान जालौन से तीन दिन और दो रात की पैदल यात्रा कर दर्शन के लिए पहुंचे कांवड़ियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं जानी गईं। मंडलायुक्त राजेश कुमार और एडीजी प्रवीण कुमार ने ग्राम प्रधान राजन तिवारी द्वारा मेले में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए सभी इंतजाम चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों किसी प्रकार की असुविधा न है। साथ ही उनके साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार किया जाए और जलाभिषेक में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। निरीक्षण के उपरांत मंडलायुक्त, एडीजी सहित अन्य अधिकारियों ने लोधेश्वर महादेवा मंदिर में देवाधिदेव महादेव की विधिवत पूजा-अर्चना कर मानव कल्याण की कामना की। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, मुख्य विकास अधिकारी असुदन, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय, बीडीओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत हरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com