Thursday , February 12 2026

बालिका शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए टीम भावना जरूरी : बीएसए

जनपद स्तरीय ‘प्रगति, स्वाभिमान और सफलता की ओर 2.0’ बाल उत्सव का आयोजन मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक एवं सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राम लाल द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर डीसी बालिका शिक्षा पुनीत मणि त्रिपाठी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी का बुके भेंट कर स्वागत किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने विभागीय नवाचारों एवं शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि बालिका शिक्षा को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए टीम भावना के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने जनपद से चयनित बच्चों को मंडल और प्रदेश स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनपद के 15 विकास खंडों के बालिका नोडल तथा ब्लॉक स्तर से चयनित 60 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों के लिए ‘मेरे बदलाव की कहानी’ एवं कॉमिक्स बुक आधारित कहानी प्रतियोगिता आयोजित की गई। जनपद स्तर से चयनित 5-5 बच्चों को मंडल स्तर पर प्रतिभाग के लिए भेजा जाएगा। ‘मेरे बदलाव की कहानी’ में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय फतेहपुर की पायल, रिमजा, स्वाती, मोहित और गौरी सिंह का चयन हुआ। पोस्टर प्रतियोगिता में शिवि, लक्ष्मी, रिया और निशा चयनित हुईं। प्रतिभागी बच्चों ने मीना मंच कार्यक्रम के अंतर्गत बालिका सशक्तिकरण से जुड़े अपने अनुभव प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र त्रिपाठी एवं सुभाष तिवारी ने किया। कार्यक्रम में बीईओ चंद्र शेखर यादव, नंदन पाण्डेय, पुनीत श्रीवास्तव सहित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की टीम एवं विभिन्न विकास खंडों से आए शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com