लखनऊ। राजधानी में क्रिसमस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस पर्व को लेकर शहर के ईसाई परिवारों में भारी खुशी का माहौल है। चर्चों और घरों को आकर्षक व रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। बाजारों में भी क्रिसमस की रौनक साफ नजर आ रही है। खासकर गिफ्ट हाउस, केक शॉप और बेकरी पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। बुधवार सुबह से ही चर्चों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। शाम होते ही चर्च रोशनी से जगमगा उठे। हजरतगंज स्थित सेंट जोसेफ कैथेड्रल चर्च में बिशप जेराल्ड जॉन मथियस की अगुवाई में रात 10:30 बजे क्रिसमस कैरल गायन के साथ पवित्र मिस्सा का आयोजन किया गया। डॉ. डोनाल्ड डिसूजा ने बताया कि क्रिसमस की तैयारियां कई सप्ताह पहले से शुरू कर दी गई थीं। इस वर्ष पल्ली सदस्य गुरुवार को मध्यरात्रि पवित्र मिस्सा और दिनभर आयोजित होने वाली पूजा सेवाओं में भाग लेंगे। ये सभी आयोजन धार्मिक आस्था और उल्लास से जुड़े होते हैं।
शांति और भाईचारे का संदेश
अलीगंज चर्च के फादर मॉरिस ने कहा कि क्रिसमस शांति के देवदूत प्रभु यीशु मसीह के जन्म का पर्व है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रार्थना है कि यह क्रिसमस दुनिया में वास्तविक शांति, प्रेम और आनंद लेकर आए। यह पर्व हमें भाईचारे और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
केक बाजार में बढ़ी मांग
केक की दुकानों में भी जबरदस्त भीड़ देखी जा रही है। जेजे बेकर्स के मैनेजर के अनुसार, इस पर्व पर केक की मांग सामान्य दिनों की तुलना में तीन गुना तक बढ़ जाती है। दुकान पर 20 से अधिक किस्मों के केक उपलब्ध हैं। इस वर्ष रिच प्लम और रम प्लम केक की सबसे अधिक मांग है, जिन्हें ग्राहक स्पेशल ऑर्डर पर बनवा रहे हैं। रम प्लम केक की कीमत 1300 से 1600 रुपये प्रति किलो है।

GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal