नगर निकाय चुनाव में सभी की नजर थी कि पुराने लखनऊ के वार्डों में ऊंट किस करवट बैठेगा। सपा के साथ ही भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवारों ने पूरी ताकत झोंक दी थी लेकिन परिणाम आने के बाद साफ दिखा कि मुस्लिम समुदाय का वोट भी भाजपा के खाते में गया। जोन छह के अन्तर्गत आने वाले 22 वार्डों में 14 भाजपा ने जीत दर्ज कर दर्शा दिया कि मुस्लिम समुदाय का वोट भी उन्हें मिल रहा है।

वहीं सपा ने भले ही पांच सीटे जीती हों लेकिन कांग्रेस, सपा, बसपा में मुस्लिम वोट बंटने का सीधा फायदा भाजपा को मिला। इसके साथ ही सपा से बगावत करने वालों ने निकाय चुनाव के मैदान में ताल ठोकी और सपा को न सिर्फ नुकसान पंहुचाया बल्कि दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत भी दर्ज की। वहीं मौलाना कल्बे आबिद वार्ड से इफहामुल्लाह ने कांग्रेस को एक सीट दिलायी। जोन छह की 22 सीटों में एक भी सीट पर बसपा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी। सिर्फ मा. कल्याण सिंह वार्ड में बसपा प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रही।
कन्हैया माधवपुर द्वितीय वार्ड संख्या 38 में निर्दलीय पार्षद मो. शाकिर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में ताल ठोकी। मो. शाकिर कई वर्षों से सपा कार्यकर्ता रहे और क्षेत्र में अपनी पकड़ को देखते हुए टिकट की मांग कर रहे थे लेकिन सपा से टिकट नहीं मिला और निर्दलीय लड़े और भाजपा के प्रमोद प्रजापति को 1893 मतों के बड़े अन्तर मात दी। यहां समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नीतू यादव तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा ने हुसैनाबाद वार्ड से लुबना अली खान को भाजपा ने अपने टिकट पर लड़ाया। जो पूरी तरह मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र है। यहां लुबना ने 2051 मतों से सपा की यासमीन बानो को शिकत थी। जिससे साफ पता चला कि भाजपा को मुस्लिम समुदाय का वोट मिला। भाजपा ने पुराने लखनऊ में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दौलतगंज वार्ड, हुसैनबाद वार्ड, चौक बाजार कालीजी वार्ड, भवानी गंज वार्ड, न्यू हैदरगंज तृतीय वार्ड, सआदतगंज वार्ड, बालागंज वार्ड, आलमनगर वार्ड, न्यू हैदर गंज द्वितीय, नए बने लाल जी टण्डन वार्ड, न्यू हैदर गंज प्रथम, मल्लाही टोला प्रथम, शीतला देवी वार्ड, मा. कल्याण सिंह वार्ड और आचार्य नरेन्द्र देव वार्ड में अच्छे अंतर से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे नम्बर पर 10 वार्ड में सपा दूसरे, सात निर्दलीय प्रत्याशी, दो पर भाजपा, एक-एक सीट कांग्रेस, बसपा और असदउद्ददीन उवैसी की पार्टी एआईएमआईएम रही। अम्बर गंज वार्ड ने एआईएमआईएम की प्रत्याशी तसलीम बानों सपा उम्मीदवार सबा अहसान मंसूरी से सिर्फ 76 मतों के अन्तर से हारी।
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal