दिल्ली में जहरीली हवा ने राजधानी के लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। शुक्रवार को दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता 433 (बेहद खराब) स्तर पर रिकॉर्ड हुई है। दिन-ब-दिन खराब वायु गुणवत्ता के कारण नोएडा में प्रशासन ने एक से आठवीं तक के स्कूल बंद करने के आदेश दिए हैं। इस बीच केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला। कहा कि पराली जलाने के मामले में पंजाब अब भी अव्वल है जिसने दिल्ली को गैस चैंबर बना दिया है।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने ट्वीट करते हुए दिल्ली में दिन-ब-दिन बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर पंजाब की आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा।
उन्होंने ट्वीट किया, “पंजाब में पराली जलाने की घटना लगातार बढ़ रही है। साल 2021 के मुकाबले पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में 19 फीसदी की बढ़ोत्तरी देखी गई है। वहीं. दिल्ली के एक और पड़ोसी राज्य हरियाणा में पराली जलाने की घटना में 30.6% की गिरावट देखी गई है। आज ही के दिन पंजाब में पराली जलाने की 3,634 घटनाएं सामने आई। इसमें कोई शक नहीं कि इसने दिल्ली को गैस चैंबर बना दिया है।”
गौरतलब है कि दिल्ली में जहरीली हवा के चलते स्वास्थ्य आपातकाल जैसी हालत बन गई है। शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 433 अंक पर पहुंच गया। यह गंभीर (सीवियर प्लस) श्रेणी से सिर्फ एक बिन्दु नीचे है। अनुमान है कि अगले दो दिनों के बीच भी दिल्ली के लोगों को जहरीली हवा में सांस लेनी पड़ेगी। पिछले एक सप्ताह से लोग भयावह प्रदूषण का सामना कर रहे हैं। आमतौर पर दीपावली के बाद दिल्ली के लोगों को प्रदूषण की परेशानी झेलनी पड़ती है। लेकिन, इस बार अलग-अलग वजहों से दीपावली पर प्रदूषण का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा। लेकिन, दीपावली के दो दिन बाद से ही इस स्तर में तेजी से इजाफा हुआ है।
 GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal
GDS Times | Hindi News Latest News & information Portal
				 
		
		 
						
					 
						
					