Wednesday , April 24 2024

यूपी में महिला कामगारों की तादाद पुरुषों से अधिक, बदल रही प्रदेश की तस्वीर

यूपी में महिला कामगारों की तादाद पुरुषों से अधिक हो गई है। ई-श्रम पोर्टल के ताजा आंकड़े बताते हैं कि काम के लिए अब पहले से कहीं अधिक महिलाएं बाहर निकलने लगी हैं। प्रदेश की तस्‍वीर बदल रही है।

यूपी में घर की चहारदीवारी से बाहर की दुनिया में महिलाओं की दखल पहले से कहीं ज्‍यादा बढ़ी है। यहां तक कि पुरुषों से भी ज्‍यादा महिलाएं अब काम के लिए निकलने लगी हैं। ई-श्रम पोर्टल के ताजा आंकड़े बताते हैं कि कुल कामगारों में महिलाओं की तादाद 52.36% हो गई है।

अब तक अपडेट आंकड़ों के मुताबिक पुरुष कामगार 3.94 करोड़ हैं जबकि महिला कामगारों की संख्या 4.34 करोड़ हो गई है। 2.77 करोड़ महिलाएं अपना घर चलाने को घरेलू काम कर रही हैं। यह आंकड़े बता रहे हैं कि यूपी की महिलाओं का स्वावलम्बन के लिए घर से निकलना बढ़ा है।

ज्यादा आबादी तो ज्यादा कामगार : ई-श्रम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने में आबादी के मुताबिक यूपी पहले पायदान पर है। अब तक देश में 28.12 करोड़ कामगार पंजीकृत हुए हैं, इनमें यूपी की हिस्सेदारी 8.29 करोड़ दर्ज की गई है। ई-श्रम पोर्टल में गुरुवार को टॉप फाइव राज्यों की सूची जारी की गई। इसमें यूपी के बाद बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य-प्रदेश और ओडिसा का स्थान है।

महिला कामगारों की कुल संख्या में भी यूपी सभी राज्यों से बहुत आगे है। यूपी की महिला कामगार कृषि, घरेलू कामकाज, बिल्डिंग-हस्तनिर्मित उत्पाद निर्माण, परिधान, लेदर, शिक्षा, हेल्थकेयर, फूड इंड्स्ट्री, ज्वैलरी, प्रिटिंग, म्यूजिकल उपकरण के निर्माण क्षेत्र, संगठित रिटेल क्षेत्र में, टेक्सटाइल-हैण्डलूम, आटोमोबाइल-ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में काम करने लगी हैं।

वे अपने पैरों पर खड़े होने के लिए छोटे-बड़े हर काम को कमर कस रही हैं। सात साल पहले लेदर इंडस्ट्री में यूपी में 11 लाख कामगार पंजीकृत थे। अब यह आंकड़ा 19 लाख पार कर गया है। इसमें महिलाओं की संख्या सात लाख दर्ज की गई है। पहले यह संख्या 2.78 लाख थी।

ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन

राज्य संख्या महिला पुरुष कामगार

कामगार (प्रतिशत में)

उप्र 8.29 करोड़ 52.36 47.63

बिहार 2.84 करोड़ 56.03 43.97

प.बंगाल 2.56 करोड़ 54.23 45.76

मप्र 1.64 करोड़ 48.26 51.74

अन्य राज्य

महाराष्ट्र 1.29 करोड़ 50.99 49.01

गुजरात 87.71 लाख 46.17 53.86

तमिलनाडु 78.99 लाख 61.96 38.04

आंध्र प्रदेश 73.00 लाख 55.81 44.18

कर्नाटक 69.57 लाख 54.02 45.97

असम 51.56 लाख 51.56 48.44

केरल 58.87 लाख 59.54 40.46

पंजाब 54.75 लाख 55.53 44.47

तेलंगाना 38.24 लाख 51.03 48.96

जम्मू-कश्मीर 33.17 लाख 52.84 47.16

यूपी की महिलाओं ने स्वावलम्बी बनने के लिए अपने कदम तेजी से आगे बढ़ाए हैं। ई-श्रम पोर्टल पर विभाग ने सरकार की मंशा पर पूरे प्रदेश में रजिस्ट्रेशन कराया है। पूरे देश में महिला कामगारों की संख्या सबसे ज्यादा यूपी में ही दर्ज की गई है। उन्होंने पुरुष कामगारों को पीछे छोड़ दिया है। यूपी में महिला सशक्तिकरण की मजबूत यह तस्वीर सामने आई है।

कुंतला गौतम, श्रमायुक्त यूपी

● 8.29 करोड़ कामगार यूपी में

● 4.34 करोड़ महिलाएं हैं इनमें

● 2.77 करोड़ महिलाएं घरेलू नौकरी में

● 19 लाख अकेले चमड़ा कारोबार में

● 11 लाख कामगार पहले थे चमड़ा क्षेत्र में

हिंदी पट्टी के अन्य राज्य

झारखण्ड 90.29 लाख 55.23 44.76

हरियाणा 52.25 लाख 51.67 48.33

दिल्ली 32.34 लाख 52.01 47.99

उत्तराखंड 29.64 लाख 55.18 44.82

राजस्थान 1.25 करोड़ 48.99 51.01

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com