Monday , November 23 2026

‘मां, संन्यास मेरा धर्म है’, मां के नाम पाती में छलका सीएम योगी का दर्द, सुनाया भावुक किस्सा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम संस्कार के दौरान काफी भावुक नजर आए थे। अब उन्होंने अपनी मां को याद करते हुए ‘मुख्यमंत्री पाती’ में एक भावुक पत्र लिखा है। इसमें सीएम योगी ने मां के प्रति अपने प्रेम, उनके संस्कारों और संन्यास ग्रहण करने के बाद उनसे भिक्षा मांगने के एक भावुक प्रसंग को साझा किया है।
मुख्यमंत्री योगी ने ‘योगी की पाती’ में लिखा कि यह पत्र प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। मां केवल जननी ही नहीं, बल्कि जगत जननी है। ईश्वर की जननी भी मां ही है। उन्होंने लिखा, “यह पाती प्रत्येक मां के नाम है, जिनके बिना जीवन नहीं होता। हम-आप नहीं होते। प्राणी का कोई अस्तित्व नहीं होता। यह दुनिया नहीं होती।”
मां को याद कर भावुक हुए सीएम योगी
सीएम योगी ने पत्र में लिखा कि आज फिर हर मां के स्मरण में आंखें आंसुओं से भर जाती हैं। उन्होंने भगवान राम के वनगमन के समय माता कौशल्या के आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण के मथुरा से गोकुल जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए मां के संस्कारों का महत्व बताया। उन्होंने लिखा, “मां वह हैं, जो हर किसी की जगह ले सकती हैं, लेकिन एक मां की जगह कोई नहीं ले सकता। मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है।”
मुख्यमंत्री ने आगे लिखा कि मां का न होना केवल किसी व्यक्ति का जीवन में नहीं होना भर नहीं है, बल्कि यह भावनात्मक सुरक्षा, बिना शर्त प्यार और घर की गहरी छांव के हट जाने जैसा है। अपनी प्रथम गुरु और अक्षर ज्ञान देने वाली मां के अनंत यात्रा पर चले जाने के बाद उन्हें संन्यास ग्रहण करने के तीन साल से अधिक समय बाद का वह प्रसंग याद आया, जब वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर की दहलीज पर पहुंचे थे।
संन्यासी बेटे को देखकर मां ने पूछा था- घर में क्या कमी थी?
सीएम योगी ने पत्र में संन्यास के बाद मां से भिक्षा मांगने का भावुक प्रसंग साझा किया। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचने पर भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा था। संन्यास परंपरा के विधान के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई। आवाज सुनकर मां बाहर आईं तो उन्हें सहसा विश्वास नहीं हुआ। इससे पहले कि मां कुछ कह पातीं, उन्होंने कहा, “मां, भिक्षा दीजिए।”
मां ने खुद को संभालते हुए पूछा, “बेटा, यह क्या हाल बना रखा है? घर में क्या कमी थी, जो भीख मांग रहे हो?” इस पर योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया, “मां, संन्यास मेरा धर्म है। एक योगी की भूख भिक्षा से ही मिटेगी। मां, मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा मांगने आया हूं। आप भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही मेरे मनोरथ को पूर्ण करेगा।” उन्होंने लिखा कि मां की ममता ने संन्यासी बेटे के संकल्प का सम्मान किया।
मातृशक्ति के सम्मान को बताया अपना कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि सनातन संस्कार मातृ वंदना से अभिसिंचित हैं। कुछ ऋण ऐसे होते हैं, जिन्हें कभी चुकाया नहीं जा सकता, लेकिन अपना कर्तव्य जरूर निभाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में आने के बाद प्रदेश की मातृशक्ति के लिए इसी कर्तव्य को निभाने का प्रयास कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से अपील की कि प्रत्येक मां के प्रति सच्चा सम्मान दिखाने के लिए हर व्यक्ति संकल्प ले कि वह किसी निराश्रित मां का सहारा बनेगा, किसी वंचित मां की पीड़ा समझेगा और किसी दुखियारी मां के चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास करेगा।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com