Thursday , November 19 2026

491 करोड़ से बनेगा UP का पहला वानिकी विश्वविद्यालय, CM योगी आज कैंपियरगंज के भारीवैसी में रखेंगे नींव

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के खाते में आज एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ने जा रही है। आयुष चिकित्सा-शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद अब गोरखपुर को उत्तर प्रदेश के पहले और देश के दूसरे वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हार्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज कैंपियरगंज तहसील के भारीवैसी में इस विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में 491 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस संस्थान की नींव रखे जाने के साथ ही गोरखपुर प्रदेश का ऐसा अनूठा जिला बन जाएगा, जहां दो विशिष्ट विश्वविद्यालयों सहित कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का निर्माण भव्य और आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
छात्रावास, पुस्तकालय और किसान कल्याण केंद्र जैसी होंगी सुविधाएं
परियोजना पर कुल 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में एक प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा। इसके साथ ही 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, अतिथि गृह और अन्य आधुनिक अवस्थापना सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
कमिश्नर व डीआईजी ने लिया तैयारियों का जायजा, विधायक ने की बैठक
कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह और डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा ने बुधवार को कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी पहुंचकर शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी और वन विभाग के अधिकारियों से विश्वविद्यालय के लेआउट, मुख्य मंच, शिलान्यास स्थल, सेफ हाउस, पौधारोपण स्थल और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली तथा बुधवार शाम तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। दूसरी ओर, महावनखोर में विधायक फतेह बहादुर सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक में ब्लॉक प्रमुख अश्वनी जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख जंगल कौड़िया बृजेश यादव, पीपीगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा, चौमुखा के चेयरमैन प्रतिनिधि गोपाल सिंह, गणेश दत्त त्रिपाठी, गन्ना समिति चेयरमैन संगम दुबे, मंडल अध्यक्ष त्रिभुवन पासवान, डोरा सिंह, दिलीप यादव, राजन पांडेय, गुड्डू यादव, अखिलेश जायसवाल और ओमेंद्र मणि सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com